ड्यूटी: एक जगह टिके रहने फिल्डिंग लगाना शुरू , मुख्यालय में ही रहना चाहते हैं बिजलीकर्मी

एक जगह टिके रहने फिल्डिंग लगाना शुरू , मुख्यालय में ही रहना चाहते हैं बिजलीकर्मी
  • ग्रामीण क्षेत्र से चाहते हैं छुटकारा
  • चुनाव के परिणाम आने के बाद होंगे सामान्य तबादले
  • कई कर्मचारी वर्षों से मुख्यालय में ही डटे हुए हैं

डिजिटल डेस्क, नागपुर । महावितरण नागपुर जोन का कार्यक्षेत्र नागपुर व वर्धा जिला है। नागपुर शहर का दायरा कुछ किमी तक फैला है, वहीं ग्रामीण व दूर-दराज का एरिया सैकड़ों किमी तक फैला है। शहर में हर जगह जाने के लिए अच्छी सड़कें व परिवहन व्यवस्था है, वहीं दूर-दराज के एरिया में अच्छी सड़कों व परिवहन व्यवस्था की कमी हैै। लोकसभा चुनाव की वोटिंग के बाद कर्मचारियों के सामान्य तबादले आदेश जारी होंगे, लेकिन कर्मचारी मुख्यालय में ही रहना चाहते हैं आैर यहां टिके रहने के लिए फिल्डिंग भी लगा रहे हैं।

कई वर्षों से डटे हैं : नागपुर जोन का मुख्यालय नागपुर है और कई कर्मचारी कई वर्षों से मुख्यालय में ही डटे हुए हैं। अंगद के पाव की तरह जमे इन कर्मचारियों के कारण दूर-दराज में सेवा दे चुके कर्मचारियों को मुख्यालय में पोस्टिंग मिलने में मुश्किल होती है। नागपुर शहर में जहां महावितरण के एक वितरण केंद्र का दायरा 5 किमी तक फैला होता है। वहीं ग्रामीण में एक वितरण केंद्र के दायरे में 30 किमी से ज्यादा का एरिया आता है। ग्रामीण में कुछ वितरण केेंद्रों में दूर-दराज में गांव है, जहां अच्छी सड़के या अच्छी परिवहन व्यवस्था नहीं है।

काम का दबाव ज्यादा होता है : बारिश के दिनों में इन इलाकों में जाना किसी चुनौती से कम नहीं है। ग्रामीण क्षेत्र में उपभोक्ता कम आैर एरिया शहर से छह गुना ज्यादा होता है। बारिश के दिनों में बिजली आपूर्ति प्रभावित होने, फॉल्ट खड़े होने की सबसे ज्यादा समस्या ग्रामीण में पैदा होती है। तेज हवा व बारिश में केबल टूटना, खंभे गिरने, पेड़ टूटकर बिजली के वायर पर गिरने से बिजली गुल होने की समस्या ग्रामीण क्षेत्र में ज्यादा होती है। शहर में जहां चंद मिनटों में घटनास्थल पर पहुंच सकते हैं। ग्रामीण में कुछ जगहों पर पहुंचने में दो घंटे का समय लग जाता है। कर्मचारियों की सबसे ज्यादा मशक्कत ग्रामीण व दूर-दराज के इलाके में होती है।

हर कर्मचारी नागपुर मुख्यालय में पोस्टिंग चाहता है। जो कर्मचारी मुख्यालय में है, उन्हें घर से करीब का वितरण केंद्र चाहिए। घर के करीब का केंद्र मिलने के लिए कर्मचारी तरह-तरह के कारण बताते रहते हैं। वैसे देखा जाए, तो हर कर्मचारी को नागपुर शहर में काम करने का मौका मिलना चाहिए, लेकिन कुछ कर्मचारी ऐसे हैं, जो वर्षों से ग्रामीण इलाकों में डटे हुए हैं। कई कर्मचारियों को चाहकर भी शहर में काम करने का मौका नहीं मिल पा रहा है। शहर में जमे रहने के लिए कर्मचारी जुगाड़ तकनीक का इस्तेमाल करते हैं। पिछले 10 वर्षों की सूची को देखें, तो स्पष्ट हो जाता है कि, कुछ कर्मचारी लंबे समय से शहर में जमे हुए हैं।

Created On :   21 May 2024 9:17 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story