- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- चुनाव परिणाम के बाद कुछ हद तक...
राहत: चुनाव परिणाम के बाद कुछ हद तक दलहनों में आई नरमी, 2 रुपए किलो की गिरावट

- लोकसभा चुनाव परिणाम के बाद दलहनों में नरमी देखी
- तुअर, चना, उड़द और मूंग दाल में 2 रुपए किलो की गिरावट
डिजिटल डेस्क, नागपुर. लोकसभा चुनाव परिणाम के बाद दलहनों में नरमी देखी जा रही है। गत सप्ताह तुअर दाल में 5 रुपए, चना, उड़द और मूंग दाल में 2 रुपए किलो की गिरावट दर्ज की गई है। खुदरा बाजार में तुअर दाल घटकर 190-200 रुपए किलो तक पहुंच गई है। वहीं चना दाल 90 से 100 रुपए, उड़द दाल 130 से 140 और मूंग दाल 135 रुपए किलो तक बिक रही है। दलहनों में नरमी के कारण आम जनता ने राहत की सांस ली है। व्यापारियों के अनुसार दलहनों में आगे भी गिरावट दर्ज की जा सकती है। उनका कहना है कि, लोकसभा चुनाव में भाजपा की सीटें घटना भी दलहनों में गिरावट का एक बड़ा कारण हो सकता है।
इन दिनों महंगाई चरम पर है। तुअर, चना, गेहूं और चावल के साथ प्याज और सब्जियां भी काफी महंगी मिल रही हैं। सत्ताधारी पार्टी को लगता है कि, चुनाव में सीटें कम आने का महंगाई भी प्रमुख कारण है। चुनाव प्रचार के दौरान विपक्षी दलों ने भी महंगाई को मुद्दा बनाया था। ऐसे में अब सरकार का लक्ष्य महंगाई कम कर आम जनता को राहत दिलाने का रहेगा। थोक बाजार में तुअर दाल बराडी फटका (यवतमाल) 18200-18500 रुपए प्रति क्विंटल बिक रही है। दाम में गिरावट का सिलसिला जारी रहने की संभावना व्यक्त की जा रही है।
Created On :   12 Jun 2024 5:21 PM IST