ग्राम पंचायत चुनाव: नागपुर जिले में जीत की आतिशबाजी...

नागपुर जिले में जीत की आतिशबाजी...
सभी पार्टियां कर रही अपने-अपने दावे

डिजिटल डेस्क, नागपुर। जिले में ग्राम पंचायत के चुनाव के परिणाम आने के साथ ही सभी प्रमुख राजनीति दलों के पदाधिकारी खुश नजर आए। प्रमुख नेताओं ने अपने समर्थकों के साथ आतिशबाजी कर खुशियां व्यक्त कीं। भाजपा ने शपथ-पत्र पेश कर दावा किया है कि सबसे अधिक सरपंच उनके समर्थन से जीते हैं। वहीं कांग्रेस का दावा है कि इस चुनाव में भाजपा पराजित हुई है। राकांपा के दोनों गुट के नेताओं ने भी जीत के दावे किए हैं। इस चुनाव में उम्मीदवार के लिए राजनीतिक दल का निशान नहीं रहता है। लिहाजा यह तय कर पाना कठिन माना जाता है कि विजेता उम्मीदवार किस दल का है।

79.42 प्रतिशत मतदान

गौरतलब है कि जिले में 361 ग्राम पंचायतों में सरपंच पद के लिए 1186 उम्मीदवार थे। ग्राम पंचायत सदस्य के 2999 पदों के लिए 6882 उम्मीदवार थे। इस चुनाव के लिए 79.42 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

भाजपा के जिला अध्यक्ष सुधाकर कोहले ने दावा किया है कि 70 प्रतिशत मतदान भाजपा के समर्थन में हुआ है। भाजपा गठबंधन के 265 सरपंच चुने गए हैं। इनमें से 236 सरपंच भाजपा के हैं।

कांग्रेस के जिला अध्यक्ष राजेंद्र मुलक का दावा है कि इस चुनाव में भाजपा पराजित हुई है। मुलक के अनुसार, कांग्रेस गठबंधन के समर्थन से 223 उम्मीदवार जीते हैं। इनमें से 137 कांग्रेस के हैं।

उधर, पूर्व मंत्री सुनील केदार के समर्थकों ने दावा किया हैं कि सावनेर क्षेत्र में केदार का दबदबा कायम रहा है।

पूर्व मंत्री अनिल देशमुख ने काटोल नरखेड में राकांपा शरद पवार गुट को सबसे आगे बताया है। राकांपा अजित गुट के जिला अध्यक्ष बाबा गूजर ने दावा किया है कि इस चुनाव में जिले में उनकी पार्टी का जनाधार उभरकर सामने आया है।

मनसे, बसपा, गोंडवाना गणतंत्र पार्टी सहित अन्य संगठनों व दलों ने भी जीत के दावे किए हैं।

Created On :   7 Nov 2023 5:07 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story