Nagpur News: विदर्भ से आगाज - 11 जिलों पर अधिक फोकस, जुटेंगे कांग्रेस के स्टार प्रचारक

विदर्भ से आगाज - 11 जिलों पर अधिक फोकस, जुटेंगे कांग्रेस के स्टार प्रचारक
  • उमर अब्दुल्ला को बुलाने की उम्मीद
  • आ सकते हैं राहुल, लेकिन प्रियंका के नाम पर संदेह

Nagpur News : विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस के प्रचार की शुरुआत विदर्भ से होगी। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष व कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की सभाएं होंगी, लेकिन प्रियंका गांधी की सभाओं को लेकर अनिश्चितता है। कांग्रेस के प्रमुख प्रचारकों में तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी, मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के अलावा राज्यसभा सदस्य इमरान प्रतापगढ़ी, कन्हैया कुमार का समावेश है।

विदर्भ पर अधिक फोकस

उल्लेखनीय है कि पिछले चुनावों के परिणाम को देखते हुए कांग्रेस ने विदर्भ पर अधिक फोकस किया है। 2014 के विधानसभा चुनाव में विदर्भ में भाजपा के 4 उम्मीदवार ही जीत पाये थे, लेकिन 2019 में कांग्रेस और भाजपा का प्रदर्शन लगभग समान रहा। 2014 में विदर्भ में 62 में से 42 सीटें जीतनेवाली भाजपा 2019 में 29 सीटें ही जीत पायी थी। पूर्व विदर्भ में कांग्रेस व भाजपा का प्रदर्शन लगभग बराबर रहा। 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा केवल 2 सीट तक सीमित रह गई। िवदर्भ की स्थिति को देखते हुए कांग्रेस पहले से ही यहां अधिक ध्यान दे रही है। 2019 के लोकसभा चुनाव के पहले कांग्रेस का अधिवेशन सेवाग्राम में हुआ।

उमर अब्दुल्ला को बुलाने की उम्मीद

2024 के लोकसभा चुनाव की तैयारी भी कांग्रेस ने विदर्भ से ही शुरू की। दिसंबर 2023 को नागपुर में कांग्रेस का 139वां स्थापना दिन मनाया गया। हालांकि उस कार्यक्रम में तय कार्यक्रम के बाद भी सोनिया गांधी व प्रियंका गांधी नहीं पहुंच पाई थीं। उसके पहले भी नागपुर में कांग्रेस की चुनाव सभा में प्रियंका गांधी नहीं पहुंच पाईं थी। इस बार वायनाड उपचुनाव में प्रियंका गांधी कांग्रेस की उम्मीदवार हैं। लिहाजा उनकी नागपुर या विदर्भ में सभा को लेकर अनिश्चितता है, लेकिन राहुल गांधी सबसे पहले गोंदिया या चंद्रपुर में सभा लेकर विधानसभा चुनाव का आगाज कर सकते हैं। कांग्रेस के समर्थन में जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला को भी विशेष तौर से बुलाया जा सकता है। कांग्रेस सूत्र के अनुसार इस बार विधानसभा क्षेत्र स्तर पर विशेष प्रचार सभा का नियोजन किया जाएगा। 30 अक्टूबर के बाद सभा कार्यक्रम तय होंगे।

Created On :   23 Oct 2024 11:18 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story