Nagpur News: अब खुलने लगा मौसम, बारिश पर रहेगा ब्रेक और बढ़ेगा तापमान, उमस ने बढ़ाई परेशानी

अब खुलने लगा मौसम, बारिश पर रहेगा ब्रेक और बढ़ेगा तापमान, उमस ने बढ़ाई परेशानी
  • बारिश से प्रभावित बाजारों में फिर लौटेगी रौनक
  • सड़कों पर जमा है बारिश का पानी

Nagpur News : शुक्रवार से बारिश का असर कम हुआ और अब मौसम खुलने लगा है। मौसम खुलने के साथ ही तापमान बढ़ेगा, फिर एक बार उमस सताने लगेगी। पिछले कुछ दिनों से जारी बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ था। अब मौसम खुलने के साथ ही बाजारों में रौनक खिलने लगी है।बारिश के कारण तापमान औसत से कम हो गया था। गर्मी व उमस से राहत मिल गई थी। वातावरण में ठंडक घुलने के साथ ही मौसम कुल-कुल हो गया था। माैसम विभाग के अनुसार, मध्य महाराष्ट्र में ऊपरी हवा में चक्रवात है, एक द्रोणिका मध्य महाराष्ट्र से बांग्लादेश तक बनी हुई है। इस कारण बंगाल की खाड़ी से नमी आ रही है, नागपुर समेत विदर्भ में बारिश हो रही है। मानसून विदर्भ में फिलहाल अपने आखिरी पड़ाव पर है। इस सीजन में आैसत से ज्यादा बारिश हो गई है। गुरवार को रात भर बारिश हुई। शुक्रवार सुबह 10 बजे बारिश का सिस्टम कमजाेर पड़ा, मौसम खुलने लगा। अब अगले दो-तीन दिनों तक आसमान साफ रहेगा। तापमान औसत से ज्यादा हो सकता है। तापमान बढ़ने से फिर एक बार उमस व गर्मी से परेशान होना पड़ेगा। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक बारिश पर ब्रेक रहेगा। आसमान साफ रहेगा और धूप खिलेगी।

सड़कों पर जमा है बारिश का पानी

फिलहाल नागपुर शहर में जगह-जगह सड़क निर्माम व फ्लाई ओवर के काम चल रहे है। इस कारण सड़कों पर जगह-जगह खुदाई हुई है। बारिश का पानी अभी भी गड्ढों में जमा है। शुक्रवार को बारिश पर ब्रेक लगा, लेकिन सड़क पर जगह-जगह बारिश का पानी जमा है। इस कारण वाहन चालकों को वाहन चलाने में सावधानी बरतनी पड़ रही है। लगातार हुई बारिश से सड़कें खराब हो गई। सड़कों की गिट्टी उखड गई, डामर निकल चुका है।

Created On :   27 Sept 2024 2:17 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story