Nagpur News: कंपनी के सब कांट्रैक्टर ने ऑयल व्यापारी को लगाया 1.96 करोड़ का चूना

कंपनी के सब कांट्रैक्टर ने ऑयल व्यापारी को लगाया 1.96 करोड़ का चूना
  • घर से ही करता है ऑयल का कारोबार
  • हुड़केश्वर थाने में धोखाधड़ी का मामला दर्ज

Nagpur News ऑयल व्यापारी को चूना लगाने के मामले में एक कंपनी के सब कांट्रैक्टर के खिलाफ हुड़केश्वर थाने में धोखाधड़ी और जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज किया गया है।

ऐसे लिया झांसे में : नरसाला रोड इंद्र नगर निवासी स्पर्श भाऊराव गावंडे (27) घर से ही ऑयल का कारोबार करता है। वर्ष 2023 में लोकेश इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड कंपनी की ओर से स्पर्श को बताया गया था कि उन्हें वेस्टर्न कोलफील्ड के माइनिंग का कांट्रैक्ट मिला है। कंपनी के सब कांट्रैक्टर श्याम इंटरप्राइजेस के संचालक सचिन शर्मा को पेट्रोलियम पदार्थ सप्लाई करने को कहा गया था और सब-कांट्रैक्टर के नाम से ही बिल वसूली करने के लिए कहा गया था। मांग के अनुसार उसने माल सप्लाई किया और उसके बिल भी मिलते रहे। इससे कंपनी और सब-कांट्रैक्टर पर वह भरोसा करने लगा।

पुष्टि होते ही प्रकरण दर्ज : 23 मई से 27 अगस्त 2023 के बीच में करीब 1 करोड़ 96 लाख 61 हजार 305 रुपए का माल भेजा, लेकिन उसके बिल स्पर्श को नहीं मिले। वह बिल के लिए बार-बार सब-कांट्रैक्टर को बोलता था। इस बीच सब-कांट्रैक्टर ने यह बोलकर स्पर्श से 4 लाख रुपए लिए वह उसका बिल निकाल देगा। झांसे में आकर उसने और चार लाख रुपए दे दिए। रकम देने के बाद भी आरोपी सब-कांट्रैक्टर सचिन ने उसे उसके बिलों की रकम नहीं दी। इसे लेकर हुए विवाद के दौरान सचिन ने स्पर्श को जान से मारने की धमकी भी दी। तब मामला थाने पहुंचा। जांच-पड़ताल के दौरान घटित प्रकरण की पुष्टि होने से सचिन के खिलाफ विविध धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।

न कोई कंपनी, न ही कोई पद : प्रारंभिक जांच पड़ताल के दौरान पुलिस को पता चला है कि आरोपी सचिन की कोई कंपनी नहीं है और वह न ही कंपनी का सब-कांट्रैक्टर था। उसने ठगने के इरादे से स्पर्श को झांसा दिया था। शुरुआती दौर में स्पर्श को करीब 4, 5 लाख रुपए के बिल भी दिए थे। घटित वाकया उजागर होते ही वह भाग गया है।

Created On :   4 Feb 2025 3:33 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story