Nagpur News: भाजपा हाईकमान का गोपनीय सर्वे, बंद लिफाफे में मांगे योग्य उम्मीदवार के नाम

भाजपा हाईकमान का गोपनीय सर्वे, बंद लिफाफे में मांगे योग्य उम्मीदवार के नाम
  • दिल्ली में खुलेगा लिफाफा
  • 6 से शुरु होगा महासंपर्क अभियान
  • स्थानीय नेताओं को नहीं दी जानकारी

Nagpur News रघुनाथसिंह लोधी . विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटी भाजपा ने उम्मीदवार को लेकर गोपनीय सर्वे शुरु किया है। इस कड़ी में पार्टी हाईकमान ने जिले में विधानसभा क्षेत्र स्तर पर विशेष चुनाव निरीक्षक भेजे। निरीक्षकों ने योग्य उम्मीदवार के संबंध में 3 नामों का लिफाफा तैयार कराया है। ये लिफाफे दिल्ली में खोले जाएंगे। खास बात है कि इस गोपनीय सर्वे से स्थानीय वरिष्ठ नेताओं को अलग रखा गया है। 6 अक्टूबर से भाजपा का महासंपर्क अभियान आरंभ होगा। इसमें भी पार्टी हाईकमान के निर्देशों के अनुरुप जनसंवाद होगा।

निरीक्षकों ने तैयार कराये लिफाफे पार्टी हाईकमान ने प्रदेश स्तर के पदाधिकारियों को शहर के सभी 6 विधानसभा क्षेत्र में बतौर निरीक्षक भेजा। पूर्व नागपुर में नीलय नाइक, दक्षिण पश्चिम में चैनसुख संचेती, उत्तर में संजय पुराम, मध्य नागपुर में अतुल देशकर निरीक्षक थे। निरीक्षकों ने मंगलवार को

शहर में विधानसभा क्षेत्र स्तर पर प्रमुख पदाधिकारियों की सूची तैयार की। इनमें भाजपा के प्रदेश, विदर्भ व शहर स्तर के पदाधिकारियों के अलावा पूर्व विधायक , पूर्व नगरसेवक, विविध प्रकोष्ठाें के पदाधिकारियों का समावेश है। एक विधानसभा क्षेत्र में 100 से 150 तक पदाधिकारियों को आमंत्रित किया गया। बैठक में पार्टी निरीक्षक ने चुनाव संबंधी चर्चा की। बाद में पदाधिकारियों को लिफाफा दिया गया। उसमें 3 योग्य उम्मीदवार का नाम लिखने को कहा गया। इसमें भी वरियता क्रम निर्धारित है। गोपनीयता इतनी रखी गई कि लिफाफा भरते समय अन्य पदाधिकारी को कोई जानकारी नहीं होने दी गई ।

उम्मीदवार चयन के लिए 12 क्राइट एरिया अर्थात मानक पर भी जानकारी ली गई । संबंधित क्षेत्र में उम्मीदवार चयन के लिए किस बात पर अधिक ध्यान देना चाहिए। क्षेत्र की सामाजिक व राजनीतिक स्थिति के अलावा वर्तमान परिदृश्य पर बात की गई। इसके अलावा 14 मुद्दों पर भी मत मांगा गया। इन मुद्दों में आरक्षण, संविधान सहित स्थानीय मुद्दों का भी समावेश है। जिला ग्रामीण के विधानसभा क्षेत्रों में ग्राम पंचायत, पंचायत समिति, जिला परिषद के अलावा अन्य निकाय संस्थाओं के पदाधिकारियों को आमंत्रित किया गया। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 200 से 250 पदाधिकारियों का समावेश है।

वरिष्ठ समाज कार्यकर्ताओं का सत्कार : पार्टी की ओर से 12 सूत्रीय संगठन कार्य का नया खाका तैयार किया है। इनमें सोशल मीडिया के उपयोग, जनसंपर्क, लाडली बहन योजना के अलावा अन्य कल्याणकारी योजनाओं के प्रचार का मुद्दा शामिल है। इनके अलावा विविध जाति समाज के वरिष्ठ नागरिकों, कार्यकर्ताओं का सत्कार किया जाएगा।

गैर भाजपाइयों से भी संपर्क : पार्टी हाईकमान ने विधानसभा क्षेत्र स्तर पर सर्वे के लिए मध्यप्रदेश व अन्य राज्यों से प्रशिक्षित कार्यकर्ताओं को भेजा है। ये कार्यकर्ता गैर भाजपाईयों से फोन या प्रत्यक्ष में संपर्क कर रहे है। भाजपा को लेकर लोगों की नाराजगी का कारण पूछा जा रहा है। पत्रकार, अध्यापक, प्राध्यापक, चिकित्सक से लेकर विविध क्षेत्र के प्रतिष्ठित नागरिकों से चुनाव की स्थिति पर चर्चा की जा रही है। लोगों से चुनाव को लेकर उनका अनुमान पूछा जा रहा है।

सामूहिक निर्णय : भाजपा में उम्मीदवार चयन के लिए सामूहिक निर्णय की परंपरा रही है। उसी के अंतर्गत पदाधिकारियों का मत मांगा जा रहा है। उम्मीदवार चयन की प्रक्रिया में संगठन की प्रदेश ही नहीं केंद्र की समिति का महत्व रहता है। प्रयास यही है कि सभी क्षेत्र में जनप्रिय व योग्य उम्मीदवार मिले। बंटी कुकडे, अध्यक्ष भाजपा नागपुर


Created On :   4 Oct 2024 10:47 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story