Nagpur News: अनुसूचित को साधने बौद्धिक वर्ग से संवाद करेंगे भाजपा कार्यकर्ता

अनुसूचित को साधने बौद्धिक वर्ग से संवाद करेंगे भाजपा कार्यकर्ता
  • छोटी बैठकों का होगा आयोजन
  • विधानसभा चुनाव की तैयारी
  • बौद्ध समाज के एकमात्र केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू को सौंपी राज्य की जिम्मेदारी

Nagpur News विधानसभा चुनाव की तैयारी कर रही भाजपा ने समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचने की योजना बनाई है। इसमें भी अनुसूचित व बौद्धिस्ट नागरिकों से विशेष तौर से संवाद साधा जाएगा। 15 अक्टूबर से विधानसभा क्षेत्र स्तर पर छोटी बैठकों का आयोजन होगा। इस विशेष चुनाव कार्य की जिम्मेदारी बौद्ध समाज के एकमात्र केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू को सौंपी गई है। भाजपा का मानना है कि लोकसभा चुनाव में संविधान के मुद्दे पर सबसे अधिक नुकसान उसे ही हुआ है। लिहाजा अब अनुसूचित वर्ग के राज्य के नेताओं के बजाय बौद्धिक वर्ग के प्रतिनिधियों को चुनाव रणनीति का केंद्र बनाया जा रहा है। नेता के बजाय समाज के जानकार कार्यकर्ताओं को भाजपा से जोड़ा जाएगा।

बैठक में मंथन : रविवार व सोमवार को मुंबई में भाजपा अनुसूचित मोर्चा की बैठक हुई। उसमें नागपुर से भी कई पदाधिकारी शामिल हुए थे। उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले, भाजपा के केंद्रीय संगठन पदाधिकारी वी.सतीश, राज्य एससी एसटी आयोग के उपाध्यक्ष धर्मपाल मेश्राम सहित कई पदाधिकारियों ने मार्गदर्शन किया। बैठक में शामिल पदाधिकारी के अनुसार मुख्य तौर से यह बात सामने आयी कि अनुसूचित वर्ग उसमें भी बौद्ध समाज के अधिकतर मतदाताओं की भूमिका भाजपा विरोधी रही। इसका नुकसान लोकसभा चुनाव में पड़ा।

बढ़ा था मतदान _ पिछले चुनाव में भाजपा में आरक्षित वर्ग का मतदान बढ़ा था। 2014 में भाजपा-शिवसेना ने 47.2 प्रतिशत मत पाए थे। विधानसभा की 288 में से 185 सीट भाजपा-शिवसेना ने जीती थी। 2019 के चुनाव में भाजपा-शिवसेना को 51 प्रतिशत मतदान मिले। लोकसभा की 48 में से 41 सीटें भाजपा गठबंधन ने जीती थी। आरक्षित सीटों पर उसे डेढ़ गुणा लाभ मिला था, लेकिन 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा केवल 9 सीटे ही जीत पाई। भाजपा गठबंधन ने 17 सीटें जीतीं। 2019 की तुलना में 2024 में भाजपा को लाेकसभा चुनाव में ओबीसी समाज का भी कम मतदान मिला। 48 विविध संगठनों ने भाजपा के विरोध में प्रचार किया। ये संगठन अनुसूचित वर्ग व बौद्ध समाज के प्रतिनिधियों के नेतृत्व के संगठन थे। इन संगठनों ने खुले तौर पर महाविकास आघाड़ी को समर्थन दिया।

संवाद कार्यक्रम जल्द _ भाजपा का बौद्धिक वर्ग व बौद्ध समाज के प्रतिनिधियों से संवाद का कार्यक्रम जल्द शुरू होगा। राज्य में विधानसभा की 105 सीटों पर अनुसूचित वर्ग के मतदाताओं की संख्या अधिक है। 29 विधानसभा क्षेत्र अनुसूचित वर्ग के लिए आरक्षित है। प्रत्येक क्षेत्र में चिकित्सक, अभियंता, साहित्यकार, प्राध्यापक के अलावा अन्य नागरिकों से संविधान के विषय पर चर्चा की जाएगी। छोटी बैठकों के अलावा पत्रक वितरण कार्य होगा।

भ्रम दूर किया जाएगा कांग्रेस ने संविधान को लेकर भ्रामक बातें फैलाई। भाजपा के विरोध में कांग्रेस ने जो नैरेटिव तैयार किया था, उसे अब जनता ही जवाब देगी। कांग्रेस के कार्यकाल में सबसे अधिक संविधान संशोधन हुआ। अनुसूचित वर्ग से संवाद के माध्यम से कांग्रेस के फैलाए भ्रम को दूर किया जाएगा। -धर्मपाल मेश्राम, प्रवक्ता भाजपा महाराष्ट्र

Created On :   1 Oct 2024 10:43 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story