Nagpur News: अब 100 नहीं बल्कि शपथ-पत्र के लिए लगेगा 500 रुपए का स्टाम्प

अब 100 नहीं बल्कि शपथ-पत्र के लिए लगेगा 500 रुपए का स्टाम्प
  • लोकलुभावन योजनाओं पर उम्मीद से ज्यादा खर्च का असर
  • सरकार ने स्टाम्प ड्यूटी बढ़ाई
  • महंगाई से जेब होने लगी ढीली

Nagpur News विविध प्रमाण-पत्रों के लिए किए जाने वाला शपथ-पत्र अब 100 रुपए के स्टाम्प पेपर नहीं बन सकेगा। राज्य सरकार ने अधिसूचना जारी कर 14 अक्टूबर से शपथ-पत्र के लिए 500 रुपए का स्टाम्प पेपर अनिवार्य कर दिया है। 100 रुपए के स्टाम्प पर होने वाला काम अब 500 के स्टाम्प पर होने से लोगों की जेब ढीली हो रही है। मुद्रांक शुल्क बढ़ाने से लोग नाराज हैं। चर्चा है कि लोकलुभावन योजनाआें पर उम्मीद से ज्यादा खर्च होने से सरकार ने स्टाम्प ड्यूटी बढ़ा दी है।

अनिवार्यता की अधिसूचना जारी : शपथ-पत्र से लेकर समझौता पत्र व किराया-पत्र 100 रुपए के स्टाम्प पर बन जाता था। सरकार ने अधिसूचना जारी करके इसके लिए 100 की जगह 500 का स्टाम्प अनिवार्य कर दिया है। विविध प्रमाण-पत्रांे के लिए पहले शपथ-पत्र बनाना होता है। स्टाम्प वेंडरों के पास पहुंचे लोग 100 की जगह 500 का स्टाम्प जरूरी होने की सूचना पाकर गुस्सा हो गए। स्टाम्प वेंडरों ने सरकार की अधिसूचना की जानकारी दी, तो लोग मन मसोसकर 500 का स्टाम्प खरीद रहे थे।

22 से कलेक्ट्रेट में स्टाम्प पेपर नहीं मिलेंगे : विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन-पत्र जमा करने का काम 22 अक्टूबर से शुरू होगा। 22 से 29 अक्टूबर कर नामांकन व 30 को नामांकन-पत्रों की छंटनी होगी। नामांकन के दौरान उम्मीदवार के साथ भारी भीड़ पहुंचती है। जिलाधीश कार्यालय के गेट से लेकर परिसर में पुलिस बंदोबस्त होता है। इस कारण जिला प्रशासन ने 22 से 30 अक्टूबर तक स्टाम्प वेंडरों को अन्य जगह से स्टाम्प बेचने का परामर्श दिया है। तर्क दिया गया कि मुख्य गेट पर पुलिस तैनात रहेगी आैर स्टाम्प वेंडरों को आने नहीं दिया जाएगा। साइकिल स्टैंड भी बंद रखा जाएगा।

वेडरों ने जताई नाराजगी : स्टाम्प वेंडरों ने प्रशासन के इस परामर्श पर गहरी नाराजी जताई है। इनका कहना है कि चुनाव के दौरान केवल दो दिन दोपहर बाद जिलाधीश परिसर में स्टाम्प बेचने को कहा जाता था। 22 से 30 यानी 9 दिन तक स्टाम्प की बिक्री बंद रखना बहुत मुश्किल है। स्टाम्प के लिए लोगों को इधर-उधर भटकना पड़ेगा।

Created On :   18 Oct 2024 2:39 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story