- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- मौसम का बदला मिजाज, गरज - चमक के...
Nagpur News: मौसम का बदला मिजाज, गरज - चमक के साथ गिरी राहत की बूंदें

- छह दिन बाद गर्मी से थोड़ी राहत
- चौथे दिन भी ब्रह्मपुरी सबसे गर्म
Nagpur News. मौसम के बदले मिजाज से शनिवार को नागपुर वासियों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली। गरज-चमक और तेज हवा के साथ राहत की बूंदे बरसीं। ठंडी हवा चलने से तापमान में भी कमी आई। शनिवार को नागपुर का अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 27.5 डिग्री सेल्सियस रहा। अगले दो दिन गर्मी से राहत मिलने की संभावना है।
वातावरण में ठंडक
मौसम विभाग के अनुसार, विदर्भ के ऊपरी हवा में प्रति चक्रवात का असर शनिवार को खत्म हुआ। दक्षिण से नमी युक्त हवा आने लगी है। यह हवा ठंडी होती है। हवा में गति होने से वातावरण में ठंडक घुल गई। शाम को गरज-चमक के साथ तेज हवा चली। मेघ गर्जना के साथ जिले में कई जगहों पर बूंदाबांदी हुई। इसके बाद ठंडी हवा चली। छह दिन बाद गर्मी से थोड़ी राहत मिलने से लोग खुश हुए। मौसम के जानकारों की मानें तो अगले दो दिन तक जिले में गरज-चमक के साथ तेज हवा चलने की संभावना है। रविवार को तापमान में कमी आने तेज हवा के साथ कुछ जगहों पर बूंदाबांदी होने की संभावना है।
चौथे दिन भी ब्रह्मपुरी सबसे गर्म
ब्रह्मपुरी लगातार चौथे दिन भी विदर्भ में सबसे गर्म रहा। शनिवार को ब्रह्मपुरी का अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री सेल्सियस रहा। यहां लू लगने का खतरा बना हुआ है।
Created On :   27 April 2025 6:45 PM IST