- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- विदर्भ में शिवसेना शिंदे गुट का...
राजनीति: विदर्भ में शिवसेना शिंदे गुट का मिशन विधानसभा तैयार, सदस्यता अभियान पर जोर

- पश्चिम विदर्भ में विधानसभा की चयनित सीटों पर चुनावी कार्य शुरु
- शाखाओं को होगा विस्तार, सरकार की योजनाओं के लिए तैयार हो रहे सहायता केंद्र
- विधानसभा क्षेत्र प्रभारी व निरीक्षक नियुक्त
डिजिटल डेस्क, नागपुर। विधानसभा चुनाव की तैयारी के तहत मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व की शिवसेना ने रणनीतिक कार्य तेज कर दिए हैं। विशेषकर विदर्भ में पार्टी को कामयाबी मिलने की संभावना है। लिहाजा, विदर्भ की चयनित सीटों पर शिवसेना फोकस कर रही है। उसमें भी पश्चिम विदर्भ पर सबसे अधिक ध्यान दिया जा रहा है। गौरतलब है कि पश्चिम विदर्भ में बुलढाणा में शिवसेना शिंदे गुट के एक लोकसभा सदस्य व दो विधानसभा सदस्य है। हाल ही में हुए विधानपरिषद चुनाव में यवतमाल से भावना गवली जीती है। केंद्रीय मंत्रिमंडल में शिवसेना शिंदे गुट को मिले प्रतिनिधित्व में एक केंद्रीय राज्यमंत्री पद पश्चिम विदर्भ को ही मिला है।
अविभाजित शिवसेना में थे 4 लोकसभा सदस्य : अविभाजित शिवसेना में विदर्भ से शिवसेना के 4 लोकसभा सदस्य थे। विधानसभा सदस्य व महामंडलों के सदस्य भी यहां से रहे हैं। लेकिन पिछले कुछ वर्षों में शिवसेना का प्रभाव इस क्षेत्र में कम होता रहा है। शिवसेना के एक पदाधिकारी के अनुसार दो दिन पहले मुख्यमंत्री शिंदे ने विदर्भ में संगठनात्मक स्थिति की समीक्षा की है। उसके बाद विधानसभा चुनाव के लिए प्रत्येक जिले में संगठन की कार्यकारिणी का पुनर्गठन किया जा रहा है। बुलढाणा के लोकसभा सदस्य प्रतापराव जाधव केंद्रीय राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार है। विधानपरिषद सदस्य भावना गवली लगातार 6 बार लोकसभा सदस्य रही है। रामटेक से 2 बार लोकसभा सदस्य रहे कृपाल तुमाने भी विधानपरिषद के सदस्य चुने गए है। इनके अलावा रामटेक के निर्दलीय विधायक आशीष जैस्वाल व भंडारा के निर्दलीय विधायक नरेंद्र भोंडेकर, विदर्भ संगठक किरण पांडव के माध्यम से संगठन कार्य को मजबूती दी जा रही है।
15 से 16 सीटों पर लक्ष्य : शिवसेना शिंदे गुट ने विदर्भ में विधानसभा की 15 से 16 सीटों पर विशेष लक्ष्य रखा है। इनमें नागपुर जिले में शहर से 1 व ग्रामीण से 2 सीटों का प्रमुखता से समावेश है। शहर की 6 सीटों में से पूर्व व दक्षिण नागपुर में महायुति के तहत शिवसेना विधानसभा चुनाव लड़ती रही है। जिला ग्रामीण की रामटेक , हिंगणा व काटोल विधानसभा क्षेत्र में भी अविभाजित शिवसेना के उम्मीदवार रहे हैं। इस बार भी इन सीटों पर शिवसेना शिंदे गुट की दावेदारी रहेगी।
शाखा स्तर पर चुनाव कार्य : शिवसेना की शाखाओं का विस्तार किया जा रहा है। सदस्यता अभियान शुरु किया गया है। शाखा कार्यालय को जनता के लिए मदद केंद्र का स्वरुप दिया जा रहा है। लाडली बहन योजना, लाडला भाई योजना, किसान सहायता योजना, मुख्यमंत्री स्वास्थ्य उपचार सेवा के अलावा विविध योजनाओं का लाभ जनता को दिलाया जा रहा है। विदर्भ में शिवसेना में प्रवेश लेने के लिए विविध दलों के कार्यकर्ताओं की बड़ी संख्या है। पार्टी के मिशन विधानसभा को प्रतिसाद मिल रहा है।- सूरज गोजे, जिला प्रमुख शिवसेना शिंदे गुट नागपुर।
Created On :   19 July 2024 4:01 PM IST