परेशानी: गर्मी ने किया हलाकान, एसी ने कर दिया महावितरण को ‘गर्म’ , तेजी से बढ़ा बिजली का लोड

गर्मी ने किया हलाकान, एसी ने कर दिया महावितरण को ‘गर्म’ , तेजी से बढ़ा बिजली का लोड
  • बारिश के बाद जगह-जगह लगेेंगे ट्रांसफार्मर
  • लोगों को नहीं होगी बिजली की परेशानी
  • अत्यधिक एसी - कूलर का भार नहीं सह पा रहे ट्रांसफार्मर

डिजिटल डेस्क, नागपुर। नागपुर शहर में बिजली की खपत तेजी से बढ़ गई है। महावितरण के लिए बिजली आपूर्ति सुचारू रखना चुनौती बन गया है। नौतपा के दौरान अतिरिक्त लोड को मेंटेन करने में महावितरण के पसीने छूट गए। नागपुर में बढ़े लोड काे मेंटेन करने के लिए बारिश के बाद शहर में जगह-जगह ट्रांसफार्मर लगाए जाएंगे। भूमिगत नई केबल लाइनें भी डाली जाएंगी।

एसी से खपत ज्यादा : नौतपा के दौरान नागपुर में जगह-जगह बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई थी। खपत बढ़ने से कई जगह केबल जलने व ट्रिप होने की घटनाएं हुई। इसी तरह बार-बार एलटी जाने के भी मामले सामने आए। महावितरण की वर्तमान बिजली व्यवस्था अतिरिक्त लोड सहने में कई जगह कमजोर पड़ी। शहर में एसी का चलन तेजी से बढ़ गया है। नए एरिया में तेजी से निर्माणकार्य हुए हैं आैर एसी भी बड़ी मात्रा में लगे हैं। एसी बढ़ने से बिजली की खपत भी सामान्य से ज्यादा हो गई है। चुनावी आचार संहिता के कारण सभी काम बंद थे। 6 जून से आचार संहिता खत्म हो जाएगी। बारिश में बिजली की खपत कम होती है। बारिश के बाद डीपीडीसी की निधि से जगह-जगह ट्रांसफार्मर व खंभे लगाए जाएंगे। भूमिगत केबल भी बिछाए जाएंगे। बिजली की मांग के अनुपात में बुनियादी ढांचा तैयार करने पर जोर दिया जाएगा।

बदला मौसम : रात में तेज हवा, हल्की बूंदाबांदी : उत्तर भारत में बने पश्चिमी विक्षोभ के कारण तापमान में कमी आई है। अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे आया है, लेकिन उमस से लोग परेशान हो रहे हैं। जमीन से निकल रही गर्मी लोगों को पसीना-पसीना कर रही है। हालांकि दिन भर उमस के बाद रात में थोड़ी राहत मिली। रात में तेज हवा के साथ हल्की बूंदाबांदी हुई। तेज हवा और हल्की बूंदाबांदी के कारण लोगों ने थोड़ी राहत महसूस की।

नमी लेकर आई पश्चिमी हवा : सोमवार को नागपुर का अधिकतम तापमान 41.8 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ है। पश्चिमी हवा आ रही है। इस हवा में नमी होने से कुछ जगहों पर सुबह बूंदाबांदी हुई। सुबह तो मौसम का मिजाज थोड़ा ठंडा रहा, लेकिन दोपहर होने के साथ ही उमस बढ़ती गई। बूंदाबांदी होने के कारण जमीन की गर्मी से उमस और बढ़ गई। तापमान में कमी बनी रहेगी, लेकिन उमस की परेशानी बनी रहेगी।


Created On :   4 Jun 2024 6:02 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story