देशद्रोह: पाकिस्तान के लिए जासूसी करने का मामला, ब्रह्मोस मिसाइल इंजीनियर पहुंचा हाई कोर्ट

पाकिस्तान के लिए जासूसी करने का मामला,  ब्रह्मोस मिसाइल इंजीनियर पहुंचा हाई कोर्ट
  • जिला न्यायालय के फैसले को दी चुनौती
  • उत्तर प्रदेश एटीएस को नोटिस जारी
  • कोर्ट ने दो सप्ताह का दिया समय

डिजिटल डेस्क, नागपुर। जिला व सत्र न्यायालय ने पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में ब्रह्मोस एयरोस्पेस के अभियंता निशांत प्रदीप अग्रवाल (उम्र 32, निवासी नेहरू नगर, रूड़की, जिला हरिद्वार, उत्तराखंड) को साइबर आतंकवाद में दोषी ठहराते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई है। साथ ही आईटी कानून और आधिकारिक गोपनीयता अधिनियम की धारा 3 और 5 के तहत निशांत को विभिन्न सजा सुनाई गई है। जिला न्यायालय के इस फैसले को निशांत अग्रवाल ने बॉम्बे हाई कोर्ट की नागपुर खंडपीठ में चुनौती दी है। मामले पर न्या. जी. ए. सानप के समक्ष हुई सुनवाई में कोर्ट ने उत्तर प्रदेश एटीएस सहित अन्य प्रतिवादियों को नोटिस जारी करते हुए दो सप्ताह में जवाब दायर करने के आदेश दिए हैं।

यह गंभीर आरोप : निशांत अग्रवाल ब्रह्मोस एयरोस्पेस की नागपुर शाखा में अभियंता थे। वह एक पाकिस्तानी महिला के हनी ट्रैप में फंसे हुए थे। निशांत पर गोपनीय जानकारी पाकिस्तान को पहुंचाने का आरोप है। उनको उत्तर प्रदेश एटीएस ने 8 अक्टूबर 2018 को नागपुर से गिरफ्तार किया था। निशांत को गिरफ्तार कर लखनऊ ले जाया गया। निशांत कुछ दिन तक उत्तर प्रदेश एटीएस और सैन्य खुफिया (एमआई) अधिकारियों की हिरासत में थे। 14 मार्च 2019 को यूपी एटीएस निशांत को नागपुर ले आई, तब से वह सेंट्रल जेल में थे। उन्हें पिछले साल जमानत पर रिहा किया गया था।

फेसबुक के जरिए हनीट्रैप में फंसे : निशांत 2014 से ब्रह्मोस एयरोस्पेस, नागपुर इकाई में वरिष्ठ सिस्टम इंजीनियर के रूप में कार्यरत थे। वह उज्जवल नगर में किराए के मकान में रहते थे। इसी बीच निशांत को नेहा शर्मा और पूजा रंजन के नाम से फेसबुक रिक्वेस्ट मिली और वह हनीट्रैप में फंस गए। सोशल मीडिया अकाउंट से जॉब लिंक खोलने के बाद मैलवेयर उनके निजी लैपटॉप में चला गया। इसके आधार पर एटीएस को शक हुआ कि सुपरसोनिक ब्रह्मोस मिसाइल की संवेदनशील गोपनीय जानकारी पाकिस्तान की आईएसआई तक पहुंची। 8 अक्टूबर 2018 को एटीएस की एक टीम ने सुबह-सुबह नागपुर में छापा मारा। ब्रह्मोस एयरोस्पेस प्लांट जहां निशांत काम कर रहे थे, साथ ही उनके आवास पर भी छापा मारा गया।


Created On :   6 Jun 2024 8:59 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story