बीमारी का प्रकोप: डेंगू, चिकुनगुनिया का संक्रमण बढ़ा, मनपा की उपाययोजना का नहीं हो रहा असर

डेंगू, चिकुनगुनिया का संक्रमण बढ़ा, मनपा की उपाययोजना का नहीं हो रहा असर
  • फागिंग और स्प्रे का नहीं हो रहा प्रभाव
  • शहर में 5,94,668 घराें का किया सर्वेक्षण
  • मनपा के कई अधिकारी संक्रामक बीमारियों का शिकार

डिजिटल डेस्क, नागपुर । शहर में डेंगू और चिकुनगुनिया का संक्रमण लगातार तेजी से बढ़ रहा है। अगस्त माह में अब तक डेंगू के 42 और चिकुनगुनिया के 296 मरीज सामने आए हैं। शहर में फागिंग और स्प्रे की गतिविधियों के बाद भी कोई लाभ होता नजर नहीं आ रहा है। वहीं दूसरी ओर मनपा के स्वास्थ्य विभाग ने बीमारियों के कारणों और उपाययेाजना बनाने के लिए घर-घर सर्वेक्षण भी आरंभ किया है। सर्वेक्षण में अब तक 5 लाख 94 हजार 668 से अधिक घरों का सर्वेक्षण कर लिया गया है, लेकिन तमाम प्रयासों के बाद भी डेंगू और चिकुनगुनिया का संक्रमण थमता नजर नहीं आ रहा है। मनपा के भी कई अधिकारी अब संक्रामक बीमारियों का शिकार हो गए हैं। गुरूवार को मनपा आयुक्त की बैठक में कई जोन के अधिकारी बीमारी के चलते शामिल नहीं हो पाए हैं।

24 लाख 30 हजार नागरिकों की अब तक जांच : आशा स्वयंसेविकाओं ने गुरूवार तक शहर में 5,94,668 घराें का सर्वेक्षण पूरा कर लिया है। अब तक 24 लाख 30 हजार 701 नागरिकों के स्वास्थ्य की जानकारी ली गई है। सर्वेक्षण के दौरान 21 हजार 134 नागरिकों को बुखार होने की जानकारी मिली है। इनमें से 909 संदिग्धों के नमूनों को रक्त जांच के लिए भेजा गया है। शहर में बड़े पैमाने पर बर्तनो समेत अन्य स्थान पर जलजमाव को पाया गया है। इनमें से 16144 स्थानों पर कूलर, 16040 गमले, 3095 मटके, 2196 टायर, 7798 ड्रम, 2596 पक्षी एवं प्राणियों के बर्तनों में लार्वा को पाया गया है।

दो जोन के कार्यकारी अभियंता भी डेंगू संक्रमित : शहर में संक्रामक बीमारियों से सर्वाधिक प्रभावित इलाकों में धरमपेठ, लक्ष्मीनगर, धंतोली, मंगलवारी जोन का समावेश है। इन जोन में स्वास्थ्य विभाग से खासा ध्यान देकर उपाययोजना की जा रही है, लेकिन जोन में डेंगू, चिकुनगुनिया का संक्रमण थम नहीं रहा है। पिछले तीन दिनों से धरमपेठ जोन के कार्यकारी अभियंता विजय गुरूबख्शानी और बुधवार शाम से धंतोली जोन के कार्यकारी अभियंता अनिल गेडाम भी संक्रमित हो गए हैं। इसके अलावा चारों जोन के कई अधिकारी और कर्मचारी भी बुखार के चलते काम पर नहीं आ पा रहे हैं।

Created On :   23 Aug 2024 10:44 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story