फ्रॉड: साइबर अपराधी ने महिला को वाट्सअप ग्रुप में जोड़ कर लालच देकर लगाया 97 लाख रुपए का चूना

साइबर अपराधी ने महिला को वाट्सअप ग्रुप में जोड़ कर लालच देकर लगाया 97 लाख रुपए का चूना
  • शेयर ट्रेडिंग का झांसा देकर घटना को दिया अंजाम
  • ग्रुप में बाकी के मेंबर्स की बातचीत से महिला का विश्वास जीता
  • शेयर ट्रेडिंग में बारी-बारी से 97 लाख 30 हजार रुपए का निवेश किया

डिजिटल डेस्क, नागपुर। शेयर ट्रेडिंग कंपनी का झांसा देकर साइबर अपराधी ने महिला को लाखों रुपए से चूना लगाया है। घटना उजागर होने पर साइबर थाने में आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है, लेकिन अभी तक आरोपी का कोई सुराग नहीं मिला है। पीड़ित 34 वर्षीय महिला मानकापुर थाना क्षेत्र की निवासी है। घटना 25 मार्च से अभी तक के बीच हुई है।

वाट्सएप ग्रुप से जोड़ा : मिल जानकारी के अनुसार किसी साइबर अपराधी ने पीड़िता को वाट्सएप ग्रुप में जोड़ा। ग्रुप में पहले से कई सदस्य थे। उनके बीच ग्रुप में हो रही बातचीत से पीड़िता को ऐसा प्रतीत कराया जा रहा था कि वे लोग शेयर ट्रेडिंग में लंबे समय से हैं और उन्हें निवेश की रकम पर कम समय में ही बड़ा आर्थिक लाभ हुआ है। पीड़िता को ठगने वाला आरोपी उन्हें निवेश के बारे में मार्गदर्शन और सुझाव दे रहा था। इससे झांसे में आई पीड़िता ने शेयर ट्रेडिंग में बारी-बारी से 97 लाख 30 हजार रुपए का निवेश किया।

आरोपी ने लिंक भेजी : अपराधी ने निवेश के लिए फर्जी एप बनाकर उसकी लिंक पीड़िता को भेजी थी। बाद में विविध खातों का नंबर देकर उसमें ऑनलाइन रकम जमा करने को कहा था। आरोपी ने महिला को बताया था कि लाभ की रकम उसके खाते में आॅनलाइन जमा होगी। उसके लिए पीड़िता का ऑनलाइन खाता बनाया गया था। उस खाते में निवेश की रकम पर लाभ होने का दर्शाया जा रहा था, लेकिन जब पीड़िता ने बैंक में जाकर लाभ की रकम निकालनी चाही, तो रकम नहीं निकली। इससे पीड़िता को ठगे जाने का एहसास हुआ। उसके बाद मामला थाने पहुंचा। जंाच-पड़ताल के बाद घटना की पुष्टि होने से शुक्रवार को आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है।


Created On :   11 May 2024 8:42 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story