राजनीतिक हलचल: जिस सीट पर कांग्रेस दूसरे स्थान पर रही वहां विधायक पाला बदल कर गया हो तो कांग्रेस का दावा रहेगा कायम

जिस सीट पर कांग्रेस दूसरे स्थान पर रही वहां विधायक पाला बदल कर गया हो तो कांग्रेस का दावा रहेगा कायम
  • विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने शुरु की विधानसभा क्षेत्रों की समीक्षा
  • मित्रदलों के प्रतिनिधित्व के क्षेत्र में भी पड़ताल
  • वैकल्पिक रणनीति पर विचार

डिजिटल डेस्क, नागपुर। विधानसभा चुनाव की तैयारी के तहत सभी प्रमुख दल विधानसभा क्षेत्र स्तर पर राजनीतिक व रणनीतिक कार्यों की समीक्षा कर रहे हैं। लोकसभा चुनाव में राज्य में पहले स्थान पर रही कांग्रस ने भी समीक्षा कार्य की शुरुआत कर दी है। खास बात है कि कांग्रेस का यह समीक्षा कार्य उसके मित्रदल शिवसेना उबाठा व राकांपा शरदचंद्र पवार के प्रतिनिधित्व के क्षेत्र में भी चल रहा है। 2019 में कांग्रेस जहां दूसरे स्थान पर रही। वहां मित्रदल का विधायक हो और पालाबदल कर गया हो तो उस सीट पर भी कांग्रेस का दावा रहेगा। कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी रमेश चेन्निथला, प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले, पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष बालासाहब थोरात सहित अन्य प्रमुख नेताओं के मार्गदर्शन में समीक्षा कार्य चल रहा है।

नागपुर में 22 व 23 सितंबर को समीक्षा : नागपुर विभाग के लिए 22 व 23 सितंबर को विधानसभा क्षेत्रवार समीक्षा होगी। नागपुर विभाग में 5 जिले आते हैं इनमें नागपुर, भंडारा, गोंदिया, गडचिरोली व चंद्रपुर जिले का समावेश है। कांग्रेस ने राज्य में अब तक 172 क्षेत्र की समीक्षा की है। मराठवाडा 47, उत्तर महाराष्ट्र 46, पश्चिम महाराष्ट्र 50 व अमरावती विभाग की 30 सीटों की समीक्षा का जा चुकी है। 19 सितंबर को ठाणे, पालघर, रत्नागीरी, सिंधुदुर्ग, रायगड जिले में 40 सीटों की समीक्षा हो चुकी है। 24 से 27 सितंबर तक मुंबई की 36 सीटों की समीक्षा होगी। विभाग सभा निहाय सर्वे शुरु है।

निर्दलीय विधायकों के क्षेत्र में पेंच : जिन क्षेत्रों में निर्दलीय विधायक हैं उनमें से अधिकतर पर कांग्रेस का दावा है। 2019 में राज्य में 13 निर्दलीय विधायक जीते। इनमें से 7 निर्दलीय विधायक विदर्भ से हैं। बदली हुई राजनीतिक स्थिति में अधिकतर निर्दलीय विधायक सत्तापक्ष के साथ है। ऐसे में कांग्रेस ने उन क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया है।

कांग्रेस नेतृत्व को बहुमत : राज्य में कांग्रेस के नेतृत्व को बहुमत मिलेगा। महाविकास आघाडी के सभी दल एकजुट रहकर विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। विधानसभा क्षेत्र स्तर पर सर्वे का कार्य 25 सितंबर तक पूरा हो जाएगा। -रमेश चेन्निथला, प्रभारी कांग्रेस महाराष्ट्र


Created On :   9 Sept 2024 11:48 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story