मौसम: मिट्टी की खुशबू के साथ शाम होते ही जमकर बरसे बदरा, उमस और गर्मी से राहत

मिट्टी की खुशबू के साथ शाम होते ही जमकर बरसे बदरा, उमस और गर्मी से राहत
  • शाम होते ही जमकर बरसे बदरा
  • तापमान में कमी की संभावना नहीं

डिजिटल डेस्क, नागपुर. उपराजधानी सोमवार शाम पानी से तरबतर हो गई। शाम पांच के बाद जोरदार बारिश शुरु हो गई, इस दौरान बादल भी जमकर गरजे और बिजली चमकी। इससे पहले रविवार शाम को हुई बूंदाबांदी के बाद मौसम में थोड़ी ठंडक घुली थी। इसके बाद रात को ठंडी हवा चलने से काफी राहत महसूस हुई। हालांकि दोपहर को उमस भरी गर्मी का एहसास हुआ था। तापमान अभी भी सामान्य से अधिक बना हुआ था। रविवार को अधिकतम तापमान 39.9 डिग्री व न्यूनतम तापमान 27.8 डिग्री सेल्सियस रहा। अधिकतम तापमान सामान्य से 3 डिग्री अधिक रहा। मानसून में विलंब होने से पारा चढ़ा हुआ है।

तापमान में कमी की संभावना नहीं

मौसम विभाग के अनुसार, मानसून के नागपुर पहुंचने में विलंब हो रहा है। पारा चढ़ा होने से उमस भरी गर्मी कायम रह सकती है। लेकिन सोमवार दिन में उमस भरी गर्मी के बाद शाम को मौसम ठंडा हो गया।

बड़ा सवाल- बुआई कब करें

हालांकि पूर्वी विदर्भ में मानसून नहीं पहुंचने से किसान मुसीबत में पड़ गए हैं। किसानों के लिए सबसे बड़ा सवाल यही है कि बुआई कब की जाए। जिला प्रशासन ने 100 मिमी बारिश होने के बाद बुआई करने को कहा है। 20 फीसदी किसान बुआई कर चुके हैं। अगर मानसून इसी तरह रुठा रहा, तो जिन किसानों ने बुआई की है, उन्हें भारी नुकसान हो सकता है।

Created On :   17 Jun 2024 12:35 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story