असर: बारिश से विमान व रेल सेवा प्रभावित, एक उड़ान रद्द, कई विमान देरी से पहुंचे

बारिश से विमान व रेल सेवा प्रभावित, एक उड़ान रद्द, कई विमान देरी से पहुंचे
  • यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा
  • मुंबई सहित राज्य में बहुत से स्थानों पर जोरदार बारिश
  • यातायात व्यवस्था चरमरा गई

डिजिटल डेस्क, नागपुर। मुंबई में सोमवार को हुई भारी बारिश के कारण विमान और रेल सेवा प्रभावित हुई है। सुबह मुंबई से नागपुर स्थित डॉ. बाबासाहब आंबेडकर अंतरराष्ट्रीय विमानतल पर आने वाला इंडिगो एयरलाइंस का एक विमान रद्द हाे गया। इंडिगो का दूसरा विमान करीब 4 घंटे देरी से पहुंचा, दूसरी तरफ रेल गाड़ियां भी प्रभावित हुई हैं। नागपुर पहुंचने वाली गाड़ियां विलंब से पहुंची। विमान व रेल सेवा पर असर पड़ने से यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

विमानतल पर 5 घंटे फंसे रहे यात्री : मुंबई सहित राज्य में बहुत से स्थानों पर जोरदार बारिश हुई, जिससे यातायात व्यवस्था चरमरा गई। मुंबई लोकल, रेलवे सेवा के साथ ही हवाई जहाज भी विलंब से पहुंचे। इंडिगो की मुंबई-नागपुर उड़ान संख्या 6ई 804 रद्द हो गई। यह विमान आमतौर पर मुंबई से शाम 7.45 बजे उड़ान भरकर रात 9.15 बजे नागपुर पहुंचता है, लेकिन धुआंधार बारिश के चलते इसे रद्द करना पड़ा। इसी एयरलाइंस की उड़ान संख्या 6ई 5124 चार घंटा 21 मिनट देरी मुंबई से नागपुर पहुंची। इस विमान ने सुबह 6.10 की जगह 10.15 बजे उड़ान भरी। सुबह 5 बजे घर से निकले यात्रियों को पांच घंटे तक मुंबई एयरपोर्ट पर इंतजार करना पड़ा। इंडिगो की उड़ान संख्या 6ई 6145 ने सुबह 8.15 की जगह दोपहर 12.33 बजे मुंबई के लिए उड़ान भरी। उड़ान संख्या 6ई 5002, 41 मिनट देरी से मुंबई पहुंची।

इंदौर से आने वाली उड़ान पर असर : बारिश के चलते मुंबई के साथ ही अन्य शहरों की विमान सेवा भी प्रभावित हुई है। इंडिगो एयरलाइंस की उड़ान संख्या 6ई 7427 ने इंदौर से सुबह 07:05 बजे नागपुर के लिए उड़ान भरी। यह विमान अपने निर्धारित समय से 24 मिनट देरी से पहुंचा। नागपुर से इंदौर की उड़ान संख्या 6ई 7745 ने भी 44 मिनट देरी से उड़ान भरी।

स्टेशनों पर ट्रेन के इंतजार में परेशान हो रहे यात्री : ट्रेनों पर सोमवार को बारिश का असर देखने को मिला। मध्य रेलवे के मुंबई मंडल के विविध रेलवे स्टेशनों और पटरियों पर पानी जमा होने से 15 ट्रेनों की चाल बिगड़ गई। इन ट्रेनों को परिवर्तित समय के अनुसार चलाया जा रहा है। ऐसे में यात्रियों को परेशानी हो रही है। रही सही कसर सिकंदराबाद रूट की ट्रेनों ने निकाला। विकास कार्यों के चलते इस लाइन की गाड़ियां रद्द होने और देरी से चलती रहीं।

यह गाड़ियां प्रभावित : मध्य रेलवे द्वारा रीशेड्यूल की गई ट्रेनों में 12105 छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस-गोंदिया एक्सप्रेस रात 8.05 बजे, 11401 छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस-बल्लारशाह एक्सप्रेस रात 9.45 बजे, 12322 छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस-हावड़ा एक्सप्रेस 8 एवं 9 जुलाई की देर रात 12.45 बजे, 12101 लोकमान्य तिलक टर्मिनस-शालीमार एक्सप्रेस 8 एवं 9 जुलाई की देर रात 12.05 बजे चलाई गई, वहीं, नागपुर मार्ग की अन्य कुछ ट्रेनों को भी रीशेड्यूल किए जाने की जानकारी रेल प्रशासन ने दी है। दूसरी तरफ सिकंदराबाद मार्ग पर जारी विकास कार्यों के चलते बीते कुछ दिनों से ट्रेनों को रद्द करने के अलावा परिवर्तित मार्ग से चलाने का सिलसिला जारी है।

Created On :   9 July 2024 10:32 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story