आत्महत्या: नागपुर पुलिस प्रशिक्षण केंद्र में महिला सिपाही ने लगाई फांसी, सुसाइड नोट मिला

नागपुर पुलिस प्रशिक्षण केंद्र में महिला सिपाही ने लगाई फांसी, सुसाइड नोट मिला
  • सुसाइड नोट में लिखे थे मोबाइल नंबर

डिजिटल डेस्क, नागपुर। स्थानीय पुलिस प्रशिक्षण केंद्र में प्रशिक्षु महिला पुलिस सिपाही ने फांसी लगा ली, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप मचा रहा। आला पुलिस अधिकारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे थे। बरामद सुसाइड नोट के आधार पर बजाज नगर थाने में आकस्मिक मृत्यु का प्रकरण दर्ज किया गया है।

फरवरी से ले रही थी ट्रेनिंग : पुणे जिला इंदापुर तहसील अंतर्गत काटी ग्राम निवासी प्रतीक्षा आदीनाथ भोसले (26) थी। वर्ष 2023 में वह मुंबई पुलिस में भर्ती हुई थी। उसके बाद प्रशिक्षण के लिए उसे नागपुर भेजा गया था। फरवरी 2024 से वह स्थानीय लक्ष्मी नगर स्थित पुलिस प्रशिक्षण केंद्र में प्रशिक्षण ले रही थी। उसके कुछ सह प्रशिक्षणार्थियों ने बताया कि गत कुछ दिनों से प्रतीक्षा तनाव में थी। ज्यादा किसी से बात नहीं करती थी। एकांत में बैठी रहती थी। पूछने पर कुछ नहीं बताती थी। इस बीच मंगलवार व बुधवार की दरमियानी रात में प्रशिक्षण केंद्र के हॉस्टल क्र.3 में छत पर पानी की टंकी से लगी सीढ़ी को चुन्नी बांधकर उसने फांसी लगा ली, जिससे उसकी मौत हो गई।

प्रेम संबंध में मिला धोखा : पुलिस भर्ती पूर्व प्रशिक्षण के दौरान एकेडमी में एक लड़के से प्रतीक्षा के प्रेम संबंध स्थापित हो गए थे। दोनों शादी करने वाले थे। इसके लिए प्रतीक्षा पति से तलाक लेने वाली थी, मगर उस लड़के ने धोखा देकर रिश्तेदारी में ही किसी लड़की से शादी कर ली। इसका पता चलने से वह टूट गई थी। जब पुलिस घटनास्थल पर पहुंची, तो प्रतीक्षा के हाथ में मंगलसूत्र था, जो उसके गले में था, लेकिन हाथ में मंगलसूत्र होने से यह माना जा रहा है कि वह अपने प्रेमी को यह दिखाना चाहती थी।

दु:ख न जताएं : प्रतीक्षा की मां अंगनवाड़ी सेविका है। पिता किसान है और भाई डी. फार्म कर रहा है। सुसाइड नोट में प्रतीक्षा ने प्रशिक्षण केंद्र की सहेलियों को कहा है कि उसकी मौत पर दु:ख न जताएं और मोबाइल में उसका फोटो स्टेटस के रूप में न रखें। घबराने के कारण प्रशिक्षण केेंद्र का माहौल खराब होगा।

तलाक की बात चल रही थी : घटना का पता चलने पर हॉस्टल की वार्डन ने संबंधित अधिकारी व बजाज नगर पुलिस को सूचना दी। फोन कर उसके परिजनों को भी जानकारी दी गई, जिससे बुधवार को वह नागपुर पहुंचे। बताया जा रहा है कि पुलिस में भर्ती होने के पहले ही प्रतीक्षा की शादी हो गई थी। बाद में वह पुलिस में भर्ती हो गई। इस बीच किसी कारण से उसका गृहस्थ जीवन खतरे में पड़ गया। तलाक की बात चल रही थी। फिलहाल पुलिस अधिकारी घटना का कारण बताने से कतरा रहे हैं, लेकिन माना जा रहा है कि गृहस्थ जीवन में तनाव के कारण उसने आत्मघाती कदम उठाया है। घटनास्थल से पुलिस के हाथ सुसाइड नोट लगा है, जिसमें उसके माता-पिता समेत अन्य लोगों के फोन नंबर लिखे हुए हैं। प्रतीक्षा का मोबाइल जब्त किया गया है। पुलिस को शक है कि उसके मोबाइल में घटना के पीछे का राज छुपा हो सकता है।

Created On :   11 July 2024 7:16 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story