घोटाला: एजेंट ने किया सहकारी पत संस्था के 20.50 लाख रुपए का गबन, आरोपी एजेंट पर केस

एजेंट ने किया सहकारी पत संस्था के 20.50 लाख रुपए का गबन, आरोपी एजेंट पर केस
  • ऑडिट में हुआ खुलासा, दैनिक जमा एजेंट के खिलाफ मामला दर्ज
  • संस्था के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष को शक होने पर शुरू की गई छानबीन
  • वसूली की रकम खाते में नहीं की जमा

डिजिटल डेस्क, नागपुर। जरीपटका में एक पत संस्था से 20 लाख 50 हजार 400 रुपए का गबन करने का मामला सामने आया है। जरीपटका पुलिस ने आरोपी राहुल अगनदास सहारे (50) नागभूमि सोसाइटी, मिसाल ले-आउट, नागपुर निवासी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपी सहकारी पत संस्था में दैनिक जमा एजेंट के तौर पर काम करता था। संस्था के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष को शक होने पर उन्होंने खातों को ऑडिट कराया, ताे आरोपी सहारे की करतूत सामने आ गई। आरोपी सहारे संस्था में ग्राहकों की दैनिक रकम जमा करने के बजाय खुद रख लिया करता था।

लेखा परीक्षक ने 294 खातों की जांच की : पुलिस के अनुसार उपलेखा परीक्षक तेजराव महादेवराव गाऊत्रे (50) ने जरीपटका थाने में लिखित शिकायत दी है। उनकी शिकायत पर जरीपटका थाने के उपनिरीक्षक जांगीलवाल ने आरोपी सहारे के खिलाफ धारा 409 के तहत मामला दर्ज किया है। तेजराव ने पुलिस को बताया कि जरीपटका क्षेत्र में 507, वैशाली स्कूल के पास, भीम चौक में जयभीम सहकारी पत संस्था मर्यादित नागपुर का कार्यालय है। इस संस्था का ऑडिट (लेखा परीक्षण) गत 22 अगस्त 2023 को विशेष लेखा परीक्षक वर्ग 2, सहकारी संस्था (प्रकिया) के मार्फत उप लेखा परीक्षक ने किया। इस दौरान उक्त पत संस्था के दैनिक जमा के कुल 294 खातों की जांच की गई। जांच किए जाने पर 1 दिसंबर 2016 से 23 अक्टूबर 2018 के दरमियान उक्त खातों में करीब 20 लाख 50 हजार 400 रुपए कम जमा किए जाने की जानकारी सामने आई।

रकम जमा करने पत्र दिया : संस्था के संचालक मंडल के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष को कम रकम जमा होने के बारे में पूछताछ करने पर उन्होंने संस्था के प्रबंधक व दैनिक जमा एजेंट राहुल अगनदास सहारे को बुलाकर पूछताछ की। तब उन्होंने बताया कि खातेदारों से रकम वसूली गई, लेकिन संस्था के खाते में जमा नहीं किया। उन्हें रकम जमा करने के लिए पत्र दिया गया, तो वह रकम जमा करने की तैयारी दिखाई, लेकिन आरोपी राहुल सहारे ने अब तक संस्था के खाते में रकम जमा नहीं की। शिकायत मिलने पर जरीपटका पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।


Created On :   6 Jun 2024 7:50 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story