Mumbai News: बदलापुर एनकाउंटर मामले में ठाणे पुलिस को शव दफनाने एकांत जगह खोजने का निर्देश

बदलापुर एनकाउंटर मामले में ठाणे पुलिस को शव दफनाने एकांत जगह खोजने का निर्देश
  • शिंदे के पिता ने याचिका दायर कर बेटे को दफन के लिए जगह नहीं देने का लगाया आरोप
  • आरोपी अक्षय शिंदे के शव को दफनाने के लिए एकांत जगह खोजने का दिया निर्देश

Mumbai News : बॉम्बे हाई कोर्ट ने शुक्रवार को ठाणे पुलिस को बदलापुर में बच्चियों से दुराचार मामले के आरोपी अक्षय शिंदे के शव को दफनाने के लिए एकांत जगह खोजने का निर्देश दिया। पुलिस के मुठभेड़ में अक्षय शिंदे मारा गया था। शिंदे के पिता अन्ना शिंदे ने हाई कोर्ट में याचिका दायर कर आरोप लगाया कि उन्हें अपने बेटे के लिए दफनाने के लिए जगह नहीं मिल पाई है।

न्यायमूर्ति रेवती मोहिते डेरे और न्यायमूर्ति एम.एम. साथये की पीठ के समक्ष अन्ना शिंदे की ओर से वकील अमीत कटरनवरे की दायर याचिका पर सुनवाई हुई। पीठ ने ठाणे पुलिस को निर्देश दिया कि वह जगह की पहचान होने के बाद शिंदे के परिवार को सूचित करे, जिससे वे बेटे का दफन कर अंतिम संस्कार कर सकेंगे।

ठाणे पुलिस की ओर से पेश विशेष सरकारी वकील हितेन वेनेगावकर ने कहा कि शिंदे समुदाय में दफनाने की ऐसी कोई प्रथा नहीं है, लेकिन पीठ ने उन तर्कों को खारिज करते हुए कहा कि समुदाय यह तय नहीं करेगा कि माता-पिता क्या चाहते हैं? इस मामले में परिजनों के अलावा किसी को भी निर्णय लेने का अधिकार नहीं है। यह माता-पिता की पसंद है।

शिंदे के परिवार ने अदालत को बताया कि उन्हें धमकियां मिल रही हैं और पीठ ने उन्हें पुलिस शिकायत दर्ज करने का निर्देश दिया। पीठ ने अन्ना शिंदे की पिछली याचिका पर सुनवाई करते हुए पुलिस से कड़े सवाल पूछे थे, जिसमें उनके बेटे के कथित फर्जी मुठभेड़ की एसआईटी जांच के अनुरोध पर सुनवाई हुई थी।

क्या है पूरा मामला

बदलापुर के एक स्कूल में दो नाबालिग बच्चियों के साथ दुराचार के आरोपी अक्षय शिंदे (24) की सोमवार को पुलिस मुठभेड़ में मौत हो गई थी। शिंदे को उसकी दूसरी पत्नी की शिकायत पर उसके खिलाफ दर्ज मामले के सिलसिले में तलोजा जेल से बदलापुर ले जाया जा रहा था। शिंदे ने कथित तौर पर एक पुलिस अधिकारी की पिस्तौल छीन ली और गोली चला दी। पुलिस ने दावा किया कि शिंदे मुंब्रा बाईपास के पास मुठभेड़ में मारा गया। अक्षय शिंदे के शव पोस्टमार्टम जेजे अस्पताल हुआ।

Created On :   27 Sept 2024 3:57 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story