- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- 1 से अप्रैल से जीवित सातबारा...
Mumbai News: 1 से अप्रैल से जीवित सातबारा अभियान, ज्योतिबा-सावित्रीबाई फुले को भारत रत्न प्रदान का प्रस्ताव पास

- देखते ही गोली मारने के आदेश का लागू करने विचार करेंगे- गणेश नाईक
- संजय गांधी उद्यान के 36 वन्य प्राणियों को लिया गया गोद
- गोरेवाडा में वन्य प्राणियों की मौत की रिपोर्ट अभी नहीं आई- गणेश नाईक
Mumbai News. राज्य के सभी जिलों में जीवित सातबारा विशेष अभियान एक अप्रैल से लागू किया जाएगा। इस अभियान के तहत सातबारा पर से मृतक खाते धारकों का नाम डिलीट किया जाएगा। जीवित खातेदारों को उत्तराधिकारी पंजीयन अभिलेख में नाम अपडेट करने का अधिकार होगा। विधान परिषद में प्रदेश के राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सातबारा पर से मृतक खाते धारकों का नाम डिलीट नहीं होने परिजनों को काफी समस्याएं होती हैं। परिजनों को नाम डिलीट करवाने के लिए तहसील कार्यालय में कई बार चक्कर काटना पड़ता है। इसलिए राजस्व विभाग की ओर से जीवित सातबारा अभियान चलाने का फैसला लिया गया है। इसके माध्यम से राज्य के सभी खाताधारकों का सातबारा अपडेट हो सकेगा।
गोरेवाडा में वन्य प्राणियों की मौत की रिपोर्ट अभी नहीं आई- गणेश नाईक
नागपुर के बालासाहेब ठाकरे गोरेवाडा अंतरराष्ट्रीय प्राणी संग्रहालय में तीन बाघों और एक तेंदुए की मौत बर्ड फ्लू से हुई है। लेकिन इस संबंध में भोपाल के राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान की अंतिम रिपोर्ट नहीं आई है। यह रिपोर्ट मिलने पर विधान परिषद में सदन के पलट पर रखा जाएगा। विधान परिषद में राज्य के वन मंत्री गणेश नाईक ने यह आश्वासन दिया। प्रश्नकाल के दौरान सदन में शिवसेना (शिंदे) की सदस्य मनीषा कायंदे ने इस संबंध में सवाल पूछा था। कायंदे ने कहा कि राज्य में कई पशु चिकित्सक मंत्रियों के विशेष कार्य अधिकारी (ओएसडी) बन गए हैं। इससे राज्य में पशु चिकित्सकों की कमी हो गई है। इसके जवाब में नाईक ने कहा कि मैं मंत्री कार्यालय में पशु चिकित्सकों के ओएसडी बनने के संबंध में जानकारी हासिल करूंगा। इसके बाद मैं पशु चिकित्सकों से वन्य प्राणियों की सेवा के लिए वापस जाने की सलाह दूंगा।
संजय गांधी उद्यान के 36 वन्य प्राणियों को लिया गया गोद
बोरिवली स्थित संजय गांधी राष्ट्रीय उद्यान के 36 वन्य प्राणियों को गोद लिया गया है। इन 36 वन्य प्राणियों को 17 व्यक्तियों और 8 संस्थाओं ने गोद लिया है। विधान परिषद में पूछे गए एक सवाल के लिखित जवाब में राज्य के वन मंत्री गणेश नाईक ने यह जानकारी दी। नाईक ने बताया कि संजय गांधी उद्यान में 4 शेर, 8 बाघ, 12 तेंदुए, 2 जंगली चित्तीदार बिल्ली, 1 नीलगाय समेत कुल 36 वन्य प्राणी हैं। राज्य सरकार ने साल 2023 की वन्य प्राणियों को गोद लेने संबंंधी योजना घोषित की है। इसके अनुसार संजय गांधी उद्यान में शेर को गोद लेने के लिए प्रति वर्ष 3 लाख रुपए, बाघ के लिए 3 लाख 10 हजार, तेदुएं के लिए 1 लाख 20 हजार, जंगली चित्तीदार बिल्ली के लिए 50 हजार और नीलगाय के लिए 30 हजार रुपए, हिरण के लिए 20 हजार रुपए शुल्क वसूला जाता है। सदन के भाजपा सदस्य प्रसाद लाड, भाजपा सदस्य प्रवीण दरेकर ने इस बारे में सवाल पूछा था।
महात्मा ज्योतिबा फुले और सावित्रीबाई फुले को 'भारत रत्न' प्रदान करने का प्रस्ताव पास
पणन मंत्री जयकुमार रावल ने सोमवार को विधानसभा में क्रांतिसूर्य महात्मा ज्योतिबा फुले और क्रांतिज्योति सावित्रीबाई फुले को मरणोपरांत 'भारत रत्न' पुरस्कार से सम्मानित करने के लिए विधानसभा में प्रस्ताव पेश किया। जिसे सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया। अब इस प्रस्ताव को राज्य सरकार केंद्र के पास भेजेगी। मंत्री रावल ने कहा कि ज्योतिबा फुले और सावित्रीबाई फुले ने हाशिए पर पड़े और वंचितों के जीवन में समृद्धि का प्रकाश फैलाया, सामाजिक न्याय के लिए अपना जीवन समर्पित किया। यहां तक कि महिला शिक्षा के लिए भी उन्होंने संघर्ष किया। इसलिए राज्य सरकार ने दोनों को मरणोपरांत सर्वोच्च सम्मान "भारत रत्न" से सम्मानित करने के उद्देश्य से यह प्रस्ताव प्रस्तुत किया। रावल ने कहा कि भारत रत्न देश का सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार है और यह राजनीति, कला, साहित्य और विज्ञान के क्षेत्र में विचारकों, वैज्ञानिकों, उद्योगपतियों, लेखकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं को प्रदान किया जाता है।
देखते ही गोली मारने के आदेश का लागू करने विचार करेंगे- गणेश नाईक
प्रदेश में बाघों की हत्या और तस्करी करने वालों को देखते हुए गोली मारने के आदेश बारे में फिलहाल कोई कानूनी प्रावधान नहीं है। लेकिन बाघों की हत्या करने वालों को देखते ही गोली मारने का आदेश लागू किया जा सकता है क्या ? इस बारे में राज्य सरकार का वन विभाग गंभीरता से अध्ययन करेगा। सोमवार को विधान परिषद में राज्य के वन मंत्री गणेश नाईक ने यह आश्वासन दिया। सदन में ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के जरिए शिवसेना (उद्धव) के सदस्य मिलिंद नार्वेकर ने यवतमाल के टिपेश्वर अभयारण्य सहित वन क्षेत्रों में बाघों को मारने का मुद्दा उठाया था। जबकि शिवसेना (उद्धव) के सदस्य अनिल परब ने कहा कि असम में गैंडा की हत्या करने वालों को देखते ही गोली मारने का आदेश लागू है। इसी के तर्ज पर महाराष्ट्र में बाघों के लिए यह आदेश लागू होना चाहिए। इसके जवाब में नाईक ने कहा कि सरकार इस बारे में गंभीरता से विचार करेगी। बाघों की मौत के अलग-अलग कारण हैं। लेकिन बाघों के शिकार में लिप्त लोगों के बारे में संबंधित एजेंसी को जानकारी दी गई है। जिसके बाद कई लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है। नाईक ने कहा कि वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए गुजरात के मॉडल का अध्ययन किया जाएगा।
Created On :   24 March 2025 9:02 PM IST