Jabalpur News: 4.20 लाख रुपए की बकाया वसूली के लिए कुर्की वारंट लेकर नगर निगम पहुंचे मचकुरी

4.20 लाख रुपए की बकाया वसूली के लिए कुर्की वारंट लेकर नगर निगम पहुंचे मचकुरी
  • निगम के अधिकारियों ने बकाया राशि का जल्द ही चेक देने का आश्वासन दिया
  • निगम अधिकारी बकाया राशि देने में लगातार हीलाहवाली करते रहे।
  • नगर निगम के अधिकारियों ने न ही चेक न्यायालय में जमा कराया और न ही आवेदक को दिया।

Jabalpur News: नगर निगम में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया जब कोर्ट से मचकुरी कुर्की वारंट लेकर आयुक्त कार्यालय पहुंच गए। यह कार्रवाई 20 साल पुराने एक भूमि विवाद के मामले में की गई। मामला 2004 का है जब नगर निगम ने हाथीताल में दयाराम चौधरी की 1600 वर्गफीट जमीन पर सड़क का निर्माण कर दिया था। इस मामले में दयाराम चौधरी ने जिला न्यायालय में परिवाद दायर किया था। जिला न्यायालय ने नगर निगम की कुर्की का वारंट जारी किया।

दयाराम अपने अधिवक्ता सचिन मिश्रा और मचकुरी के साथ कुर्की वारंट लेकर नगर निगम मुख्यालय पहुंचे। दयाराम के अधिवक्ता उमेश त्रिपाठी के अनुसार जांच में पता चला कि नवम्बर 2024 में 4 लाख 20 हजार 195 रुपये का चेक बनाया गया था लेकिन नगर निगम के अधिकारियों ने न ही चेक न्यायालय में जमा कराया और न ही आवेदक को दिया। नगर निगम के खिलाफ अब तक 3 बार कुर्की वारंट जारी हो चुका है।

निगम अधिकारी बकाया राशि देने में लगातार हीलाहवाली करते रहे। मंगलवार को न्यायालय के निर्देश पर कोर्ट मचकुरी और पक्षकार के अधिवक्ता कुर्की वारंट लेकर नगर निगम मुख्यालय पहुंचे। निगम के अधिकारियों ने बकाया राशि का जल्द ही चेक देने का आश्वासन दिया, जिसके बाद कार्रवाई टाल दी गई।

11 सहायक राजस्व निरीक्षकों व कर संग्रहिताओं को नोटिस

टैक्स वसूली के काम में लापरवाही करने वाले 11 सहायक राजस्व निरीक्षकों और कर संग्रहिताओं को नोटिस जारी किया गया है। निगमायुक्त प्रीति यादव के निर्देश पर मंगलवार को अपर आयुक्त राजस्व अंजू सिंह ने वार्डवार वसूली अभियान की समीक्षा की।

इसमें पाया कि संभाग क्रमांक 6 वार्ड क्रमांक 26 के एस. कौन्डया, संभाग क्रमांक 8 वार्ड क्रमांक 36 के राजेन्द्र सोनी, वार्ड क्रमांक 58 के रामेश्वर दुबे, संभाग क्रमांक 11 वार्ड क्रमांक 79 के रामनारायण चौधरी, संभाग क्रमांक 12 वार्ड क्रमांक 53 के राज कुमार चौधरी, संभाग क्रमांक 14 वार्ड क्रमांक 38 के रामप्रकाश सोनी, संभाग क्रमांक 14 वार्ड क्रमांक 39 के विजय विश्वकर्मा, वार्ड क्रमांक 40 के संदीप साहू, संभाग क्रमांक 16 वार्ड क्रमांक 49 के शत्रुन्जय, वार्ड क्रमांक 50 के नितिन साहू और वार्ड क्रमांक 59 के कृष्ण प्रताप सिंह ने टैक्स वसूली में लापरवाही की है, जिसे लेकर कर्मचारियों को नोटिस जारी कर 7 दिवस के अंदर वसूली बढ़ाने के निर्देश दिये गए हैं।

Created On :   26 Feb 2025 7:24 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story