- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- रजत रथ पर विराजमान होकर निकले...
Jabalpur News: रजत रथ पर विराजमान होकर निकले श्रीजी, जगह-जगह हुआ वंदन

jabalpur News । भगवान महावीर स्वामी के जन्म कल्याणक पर जैन नव युवक सभा के संयोजन में गुुरुवार को हनुमानताल से विशाल शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में 10 झांकियां, 22 रजत पालकियां और 4 रजत विमान शामिल हुए। रजत रथ पर विराजमान श्रीजी का जगह-जगह पूजन-वंदन हुआ। यात्रा के दौरान भिलाई के प्रसिद्ध धमाल दल ने अपनी मनमोहक प्रस्तुति दी। शोभायात्रा मिलौनीगंज, कोतवाली, कमानिया गेट, अंधेरदेव, तुलाराम चौक, करमचंद चौक, मालवीय चौक और सुपरमार्केट होते हुए बड़ा फुहारा पहुंची जहां उसका समापन हुआ। यात्रा में आचार्य श्री समय सागर महाराज का सान्निध्य रहा। शोभायात्रा की विशेषता रहीं आकर्षक झांकियां, जिनमें पर्यावरण संरक्षण, जीव हिंसा की रोकथाम और स्कूल माफिया के विरुद्ध जिला प्रशासन की कार्रवाई को विषय बनाया गया। झांकियों के माध्यम से सामाजिक जागरूकता का सशक्त संदेश दिया गया।
आचार्य श्री ने धर्मसभा को किया संबोधित
दोपहर में भगवान महावीर के पूजन अभिषेक के बाद आचार्य श्री समय सागर महाराज ने धर्मसभा को संबोधित करते हुए कहा कि चैत्र शुक्ल त्रयोदशी के दिन बालक वर्धमान का जन्म हुआ। उनके कल्याणक को मनाने के लिए देवता स्वर्ग लोक से अवतरित हुए। बालक वर्धमान ही आगे चलकर अपने तप और पुरुषार्थ से भगवान महावीर बने और अपनी दिव्य ध्वनि के माध्यम से जन-जन का कल्याण किया। भगवान महावीर आज संपूर्ण विश्व में सत्य और अहिंसा के पर्याय हैं। रात्रि में कमानिया गेट पर जैन नाट्य समिति, पनागर द्वारा -"स्वतंत्रता संग्राम में जैनियों के योगदान-" विषय पर नाटक मंचित किया गया। इस नाटक के माध्यम से स्वतंत्रता आंदोलन में जैन समाज के योगदान को भावपूर्ण अभिनय द्वारा प्रस्तुत किया गया।
गर्मी के बाद भी दिखा उत्साह
गर्मी के बाद भी शोभायात्रा में श्रावक-श्राविकाओं का उत्साह दिखा। यात्रा में सांसद आशीष दुबे, दिनेश यादव, रत्नेश सोनकर, अमरीश मिश्रा, अनुराग जैन गढ़ावाल, अयोध्या तिवारी, संतोष पंडा, झल्लेलाल जैन, चक्रेश नायक, मदन लारिया, अभिषेक यादव, राकेश चौधरी, कमलेश यादव, संदीप जैन गुड्डा, मनीष जैन कल्लू आदि शामिल हुए। वहीं श्री दिगम्बर जैन राजनैतिक चेतना मंच के अध्यक्ष विजय जैन चुन्ना, महामंत्री अनिल नायक, राजकुमार चौधरी भी उपस्थित रहे। इसी तरह जैन पंचायत सभा अध्यक्ष कैलाशचंद्र जैन, अनिल जैन गुड्डा, जैन नवयुवक सभा अध्यक्ष नीतिन बेटियां, शुभम जैन भी शामिल हुए। राष्ट्रीय दिगम्बर जैन सोशल फेडरेशन के महासचिव विनय अनीता जैन के नेतृत्व में राष्ट्रीय मीडिया प्राभारी नितिन जैन सहित ग्रुप के अन्य सदस्य शामिल हुए।
जगह-जगह हुआ अभिनंदन
शोभायात्रा का जगह-जगह अभिनंदन किया गया। सिविक सेंटर व्यापारी संघ ने मालवीय चौक स्थित अंजुमन स्कूल के सामने पंडाल लगाकर यात्रा का अभिनंदन किया। संघ के अध्यक्ष प्रशांत जैन ने बताया कि यह आयोजन का 30वां वर्ष रहा। इस दौरान आइसक्रीम व खोवे की जलेबी का वितरण किया गया। इस अवसर पर बल्लू जैन, पवन समदड़िया, संजय जैन, प्रभात कुमार जैन, जिनेंद्र कुमार जैन, संतोष कुमार जैन, कमलेश जैन, अनिल जैन, विशाल जैन अदि उपस्थित रहे। श्री आदिनाथ समिति के सदस्यों द्वारा शोभा यात्रा का मालवीय चौक पर अभिनंदन किया गया। इसमें नीरज नारद सहित अन्य मौजूद रहे।
यहां भी हुए आयोजन
- स्टार पार्क में भगवान महावीर स्वामी की आरती की गई एवं शोभायात्रा निकाली गई। इसमें कपिल जैन, अंशुल जैन, मुकेश खंपरिया, संदेश जैन, भानु जैन, अनिल जैन, आकाश जैन, राहुल जैन सहित अन्य शामिल हुए।
- सकल जैन समाज गढ़ा द्वारा भव्य शोभायात्रा निकाली गई। जिसमें पुरुष वर्ग श्वेत वस्त्रों एवं महिलाएं केसरिया वस्त्रों में शामिल हुईं। बड़ा जैन मंदिर गढ़ा से प्रारंभ हुई यात्रा छोटा जैन मंदिर, गढ़ा बाजार, पंडा की मढ़िया, शाहीनाका होते हुए बड़ा मंदिर में पूर्ण हुई।
Created On :   11 April 2025 12:08 AM IST