Jabalpur News: परेशानी का सबब बने निर्माण कार्य, लापरवाही अफसरों की, खामियाजा भुगत रही आम जनता

परेशानी का सबब बने निर्माण कार्य, लापरवाही अफसरों की, खामियाजा भुगत रही आम जनता
  • शिव नगर, नौदरा ब्रिज और गौरीघाट में काम करने के तरीके पर उठ रहे सवाल
  • नगर निगम ने नौदरा ब्रिज स्थित हनुमान मंदिर के सामने नाली निर्माण के लिए गड्ढा खोद दिया है।
  • अमृत-2 योजना के तहत पाइप लाइन बिछाने के लिए सड़क पर गड्ढे किए जा रहे हैं।

Jabalpur News: शहर में जगह-जगह चल रहे निर्माण कार्य परेशानी का सबब बन गए हैं। दरअसल शहर में जगह-जगह अव्यवस्थित तरीके से काम किया जा रहा है। लापरवाही नगर निगम के अधिकारी कर रहे हैं, इसका खामियाजा आम नागरिकों को भुगतना पड़ रहा है। नगर निगम के काम करने के तरीके को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं। लोगों का कहना है कि नगर निगम व्यवस्थित तरीके से भी काम करा सकता है, लेकिन ठेकेदारों को मनमानी करने की खुली छूट दे दी गई है।

उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार ने निर्माण कार्य करने के लिए नियम बनाए हैं। नियमों के अनुसार सड़क, नाली या अन्य निर्माण के दौरान आम नागरिकों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। जानकारों का कहना है कि निर्माण स्थल को स्टॉपर से कवर किया जाना चाहिए। इसके साथ ही निर्माण स्थल से कुछ दूरी पर बोर्ड होना भी जरूरी है, ताकि लोगों को निर्माण कार्य की जानकारी मिल सके। नगर निगम क्षेत्र में विकास कार्यों के दौरान नियमों का पालन नहीं किया जा रहा है। इसके कारण आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

नौदरा ब्रिज में मंदिर जाना हुआ मुश्किल

नगर निगम ने नौदरा ब्रिज स्थित हनुमान मंदिर के सामने नाली निर्माण के लिए गड्ढा खोद दिया है। इससे श्रद्धालुओं का मंदिर आना-जाना मुश्किल हो रहा है। खास तौर पर बुजुर्ग श्रद्धालुओं को नाली फांदकर मंदिर जाना मुश्किल हो रहा है। श्रद्धालुओं का कहना है कि मंदिर के सामने गड्ढा खोदने के पहले आने-जाने के लिए वैकल्पिक इंतजाम करना चाहिए था, लेकिन नगर निगम ने कोई व्यवस्था नहीं की।

अधिकारी नहीं करते मॉनिटरिंग

निर्माण कार्यों के दौरान सुरक्षा के इंतजाम सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी अधिकारियों की होती है। अधिकारी निर्माण कार्यों की मॉनिटरिंग नहीं करते हैं। कई अधिकारी तो स्पॉट पर जाते ही नहीं हैं। इसके कारण ठेकेदार को मनमानी करने की छूट मिल जाती है।

गौरीघाट में पाइप लाइन डालने के लिए खोद दी सड़क

अमृत-2 योजना के तहत पाइप लाइन बिछाने के लिए सड़क पर गड्ढे किए जा रहे हैं। गड्ढों से निकल रही मिट्टी को आधी सड़क पर फैला दिया गया है। इसके कारण राहगीरों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्रीय नागरिकों का कहना है कि यहां पर गड्ढे के आसपास स्टॉपर नहीं रखे गए हैं। इसके कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शिकायत के बाद भी व्यवस्थित तरीके से काम नहीं किया जा रहा है।

शिव नगर में सड़क पर नाला खोदकर छोड़ दिया

दमोह नाका में फ्लाईओवर का निर्माण कार्य चल रहा है। इसके कारण ज्यादातर लोग शिव नगर-दमोह नाका मार्ग का उपयोग करते हैं। तीन दिन पहले नगर निगम ने यहां पर सड़क पर नाला बनाने के लिए गड्ढा खोद दिया। यहां पर सड़क बंद होने का बोर्ड भी नहीं लगाया गया है। हैरान करने वाली बात यह है कि गड्ढे के आगे स्टाॅपर भी नहीं रखे गए हैं। राहगीरों को गड्ढे तक आकर वापस लौटना पड़ रहा है।

शहर में निर्माण कार्यों के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने के लिए निर्देश जारी किए जाएंगे।

कमलेश श्रीवास्तव, प्रभारी अधीक्षण यंत्री, नगर निगम

Created On :   7 April 2025 3:53 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story