जबलपुर: रानी कमलापति की तर्ज पर विकसित होंगे जबलपुर व सतना स्टेशन

रानी कमलापति की तर्ज पर विकसित होंगे जबलपुर व सतना स्टेशन
  • मप्र के स्टेशनों के विकास और अधोसंरचना के लिए 15143 करोड़ की राशि का प्रावधान
  • आने वाले तीन-चार सालों में रेलवे करीब 77 हजार करोड़ रुपए प्रदेश में रेल परियोजनाओं पर खर्च करेगा
  • बजट में वंदे भारत की तर्ज पर ही अन्य ट्रेनों के कोचों काे अपडेट करने का प्रावधान किया गया है

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। अब जल्द ही भोपाल के रानी कमलापति स्टेशन की तरह जबलपुर मुख्य स्टेशन के साथ ही सतना और अन्य स्टेशनों को विकसित किया जाएगा।

केंद्र सरकार द्वारा पेश किए गए आम बजट में मप्र के स्टेशनों के विकास और अधोसरंचना के लिए 15143 करोड़ रुपए की राशि का प्रावधान किया गया है। जिससे इन स्टेशनों के साथ ही पश्चिम मध्य रेलवे के दर्जनों स्टेशनों का आधुनिकीकरण किया जा सकता है।

80 स्टेशनों को अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकसित करने व आधुनिक बनाने का प्रावाधन है, जिसमें जबलपुर मंडल के 15 स्टेशन शामिल हैं। अभी तक अमृत भारत योजना में मप्र के रेलवे स्टेशनों का कायाकल्प हेतु बजट का आवंटन नहीं था।

वंदे भारत एवं अमृत भारत ट्रेन अत्यधिक सुविधाजनक ट्रेन है। बजट में वंदे भारत की तर्ज पर ही अन्य ट्रेनों के कोचों काे अपडेट करने का प्रावधान किया गया है। प्रथम चरण में करीब 40 हजार कोचाें को अपडेट किया जाएगा।

जहाँ कहीं भी डबल लेन हैं वहाँ फोर लेन डाली जाएगी। इसके लिए कई शहरों में बायपास बनाए जाएँगे। इसके लिए भी राशि का प्रावधान किया गया है। रेल बजट में रेल परियोजनाओं के विस्तार, स्टेशनों का उन्नयन और यात्री सुविधा बढ़ाने का प्रावधान किया गया है।

जिससे आने वाले तीन-चार सालों में रेलवे करीब 77 हजार करोड़ रुपए प्रदेश में रेल परियोजनाओं पर खर्च करेगा। जिसमें जबलपुर मंडल की रेल परियोजनाएँ भी शामिल हैं।

जबलपुर और भोपाल मंडल को ज्यादा फायदा

केंद्र सरकार द्वारा मप्र की रेल परियोजनाओं के लिए 15143 करोड़ रुपए आवंटित किए गए हैं, इससे प्रदेश के पश्चिम मध्य रेल के जबलपुर और भोपाल रेल मंडल के हिस्से में करीब 75 फीसदी राशि आने की संभावना है।

Created On :   2 Feb 2024 10:14 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story