- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- ट्रांसफाॅर्मर रिपेयरिंग की यूनिट...
जबलपुर: ट्रांसफाॅर्मर रिपेयरिंग की यूनिट में एक के बाद एक हुए आधा दर्जन धमाके

- करमेता लाल हवेली क्षेत्र की घटना
- आसपास के घरों पर गिरे पत्थर, बारिश की वजह से बड़ा हादसा टला
- क्षेत्र में फैली दहशत
डिजिटल डेस्क,जबलपुर। पाटन रोड करमेता स्थित लाल हवेली के पास मंगलवार रात एक ट्रांसफाॅर्मर रिपेयरिंग यूनिट में आग लग गई। आग लगते ही यहाँ पर रखे ट्रांसफाॅर्मरों में एक के बाद एक आधा दर्जन ब्लास्ट हुए।
ब्लास्ट के कारण यहाँ के पत्थर उछलकर आसपास के घरों में जाकर गिरे। इससे पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई। बड़ी संख्या में लोग यूनिट के चारों तरफ एकत्रित हो गए। अफरा-तफरी का माहौल बन गया। गनीमत यह थी कि हादसे के समय बारिश हो रही थी और फायर ब्रिगेड भी समय पर पहुँच गई। इसके कारण आग विकराल रूप धारण नहीं कर पाई।
इससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया। मंगलवार रात 8.26 बजे अचानक करमेता के लाल हवेली क्षेत्र में अबीर पाराशर की ट्रांसफाॅर्मर रिपेयरिंग यूनिट में एक के बाद एक ब्लास्ट होने लगे। इसके बाद लाल हवेली के आसपास के घरों में बड़े-बड़े पत्थर गिरने लगे।
इससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई। लोग अपने-अपने घरों से बाहर निकल आए। उस समय बारिश हो रही थी। लोगों ने देखा कि यूनिट में रखे ट्रांसफाॅर्मर में ब्लास्ट हो रहे हैं।
वीडियो बनाने वालों की लगी भीड़, पुलिस ने मोर्चा संभाला
ट्रांसफाॅर्मर रिपेयरिंग यूनिट में ब्लास्ट और आग लगने के बाद यहाँ पर बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हो गए। यहाँ पर ज्यादातर लोग अपने-अपने मोबाइल पर वीडियो बनाते रहे। शहर भर में वीडियो वायरल भी हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही माढ़ोताल पुलिस भी मौके पर पहुँच गई। पुलिस ने लोगों को ट्रांसफाॅर्मर रिपेयरिंग यूनिट से सुरक्षित दूरी पर पहुँचाया। माढ़ोताल थाना प्रभारी विपिन ताम्रकार ने बताया कि आग लगने के कारणों की जाँच शुरू कर दी गई है।
धमाकों के बाद उठीं लपटें
प्रत्यक्षदर्शी अजय चौबे और राकेश दुबे ने बताया कि लगभग 15 मिनट तक यहाँ पर ब्लास्ट होते रहे। ब्लास्ट की आवाज दो से तीन किलोमीटर क्षेत्र में सुनी गई। इसके बाद फैक्ट्री से आग की लपटें उठने लगीं।
बारिश होने के कारण आग आसपास के घरों तक नहीं फैली। इसी बीच फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियाँ मौके पर पहुँच गईं। फायर ब्रिगेड कर्मियों ने आग पर काबू पाना शुरू किया। लगभग एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हादसे में हुए नुकसान का आँकलन किया जा रहा है।
Created On :   28 Feb 2024 7:38 PM IST