- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- सुबह कोहरे के बीच अचानक बढ़ी सर्दी,...
जबलपुर: सुबह कोहरे के बीच अचानक बढ़ी सर्दी, अभी और नीचे जा सकता है पारा

- उत्तर से आईं सर्द हवाओं ने कँपकँपाया
- चार दिनों तक इन सर्द हवाओं का असर रहने वाला है
- अगले 24 घंटों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है
डिजिटल डेस्क,जबलपुर। उत्तर भारत से आ रहीं बर्फीली हवाओं ने जबलपुर सहित पूर्वी प्रदेश के शहरों में ठिठुरन बढ़ा दी है। दिन और रात में कड़ाके की सर्दी का दौर शुरू हो गया है। मौसम वैज्ञानिक देवेन्द्र तिवारी के अनुसार आने वाले तीन से चार दिनों तक इन सर्द हवाओं का असर रहने वाला है।
इसमें रात के तापमान में और गिरावट आ सकती है। वैसे यह महसूस भी हो रहा है कि पारे में और अधिक गिरावट दर्ज की जा सकती है। मौसम विभाग के रिकाॅर्ड में भले ही आँकड़ों के हिसाब से न हो लेकिन शहर में सर्दी कोल्ड डे जैसी ही रही। दिन में एकदम तीखी सर्दी का अहसास हो रहा।
शुक्रवार को दिन के वक्त धूप भी पूरी तरह से नहीं खिली, जिससे उत्तरी हवाओं ने और ज्यादा असर दिखाया। शहर का अधिकतम तापमान इस दौरान 20.4 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4 डिग्री कम रहा। न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2 डिग्री कम रहा।
दोनों तापमान सामान्य से कम दर्ज किये गये। शहर के आसपास अभी उत्तर-पश्चिमी हवाएँ सक्रिय हैं। अगले 24 घंटों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।
डुमना में उतरने के बजाय रायपुर डायवर्ट हुई फ्लाइट
दिल्ली से जबलपुर और जबलपुर से बिलासपुर जाने वाली एलायंस एयर की फ्लाइट कोहरे के कारण शुक्रवार को डुमना एयरपोर्ट में लैंड नहीं हो सकी। वहीं दूसरी ओर बिलासपुर में भी मौसम खराब होने के कारण इसे रायपुर डायवर्ट किया गया।
करीब डेढ़ घंटे बाद यह फ्लाइट डुमना एयरपोर्ट पहुँची, यहाँ से फिर वापस दिल्ली रवाना हुई। खराब मौसम के कारण बिलासपुर का सफर रद्द करना पड़ा।
Created On :   20 Jan 2024 6:48 PM IST