छिंदवाड़ा: रिलायंस गैस गोदाम में रेड, 10 लाख के सिलेंडर जब्त, संचालक पर कार्रवाई

  • भंडारण से संबंधित दस्तावेज नहीं मिले मौके पर
  • मौके से 10 लाख 41 हजार कीमती 409 गैस सिलेंडर जब्त किए गए हैं।
  • अफसरों की अनदेखी से जिले में ऐसे कई गोदाम भी जांच के दायरे में आ गए हैं।

डिजिटल डेस्क,छिंदवाड़ा। रिलायंस एलपीजी के सुविधा गैस गोदाम में आपूर्ति विभाग की टीम ने रेड मारी। गैस सिलेंडर के भंडारण से संबंधित दस्तावेज नहीं मिलने पर टीम ने गोदाम में रखे १० लाख के सिलेंडर जब्त किए हैं।

जानकारी अनुसार आपूर्ति विभाग के कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारियों की संयुक्त टीम ने बुधवार दोपहर चौखड़ा स्थित रिलायंस एलपीजी के सुविधा गैस गोदाम का औचक निरीक्षण किया गया था। कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी सुमित चौधरी, रघवेंद्र लिल्हारे, रविंद्र कुमरे व गीतराज गेडाम की टीम मौके पर पहुंची।

स्टॉक में रखे गैस सिलेंडर की जांच की। गोदाम के संचालन संबंधी दस्तावेजों को परखा। जांच में सामने आया है कि गोदाम में गैस सिलेंडर के भंडारण से संबंधित विस्फोटक लाइसेंस, गोदाम एनओसी, रेटिंग प्रमाण पत्र, डिस्ट्रीब्यूटरशिप एग्रीमेंट सहित अन्य दस्तावेज मौके पर नहीं मिले।

मौके से १० लाख ४१ हजार कीमती ४०९ गैस सिलेंडर जब्त किए गए हैं। गैस एजेंसी संचालक दुर्गेश सिंह वर्मा के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।

सालों से अवैधानिक ढंग से कैसे संचालित हो रहा था गोदाम

अचानक हुई इस कार्रवाई के बाद आपूर्ति विभाग के पुराने अफसरों की मिलीभगत उजागर हो रही है। जहां बिना दस्तावेज के लम्बे समय से यह गैस गोदाम कैसे संचालित किया जा रहा था। अफसरों की अनदेखी से जिले में ऐसे कई गोदाम भी जांच के दायरे में आ गए हैं।

इनका कहना है

टीम गठित कर गोदाम की जांच कराई गई थी। अधूरे दस्तावेजों के साथ गोदाम का संचालन करते पाए जाने पर प्रकरण दर्ज किया गया है।

-अजीत कुजूर, जिला आपूर्ति अधिकारी

Created On :   12 Sept 2024 10:13 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story