- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- छिंदवाड़ा
- /
- मॉर्च्युरी का शेड गर्मी से तप रहा,...
Chhindwara News: मॉर्च्युरी का शेड गर्मी से तप रहा, झुलस रहे शव

- मॉर्च्युरी कक्ष में लगे स्टील के टेबल पर रखे जाते है शव
- प्रबंधन ने फ्रीजर में शव रखने दिए निर्देश
- जिला अस्पताल के कर्मचारी शव का वार्ड से मॉर्च्युरी में शिफ्ट करने के दौरान लापरवाही बरतते है।
Chhindwara News: मेडिकल कॉलेज से संबद्ध जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी कक्ष गर्मी में भट्टी की तरह तप रहा है। दरअसल पर्याप्त रोशनी के उद्देश्य से मॉर्च्युरी कक्ष की छत पर फाइबर सीट लगाई गई है। यह फाइबर सीट सूरज की तेज तपन नहीं रोक पा रही है। जिससे भीतर स्टील की टेबल पर रखे जाने वाले शव झुलसने की स्थिति में है। इस समस्या के समाधान के लिए अस्पताल प्रबंधन ने कर्मचारियों को निर्देश जारी किए हैं कि वे शवों को फ्रीजर में ही रखें।
गौरतलब है कि रात के वक्त सडक़ हादसे या अन्य किसी घटना में मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए शवगृह में रखा जाता है। दूसरे दिन पुलिस की कागजी कार्रवाई और डॉक्टर के आने तक शव स्टील के टेबल पर रखा रहता है। गर्मी के दिनों में सुबह से ही सूरज तपने लगता है। सूरज की तेज तपन से मॉर्च्युरी कक्ष और स्टील का टेबल गरमा जाता है। जिससे शव झुलसने की स्थिति में आ जाते है। कई बार मृतक के परिजनों ने इसका विरोध भी किया है। वहीं दूसरी ओर प्रबंधन शव झुलसने की बात से इनकार कर रहा है।
फ्रीजर में आठ शव रखने की क्षमता-
शव को सुरक्षित रखने मॉर्च्युरी में दो फ्रीजर रखे गए है। एक फ्रीजर में चार शव रखे जा सकते है। एक बार में आठ शव फ्रीजर में रखे जा सकते है, लेकिन अस्पताल स्टाफ शव स्टील के टेबल पर रखकर चला जाता है।
लापरवाह कर्मचारी फ्रीजर में नहीं रखते शव-
जिला अस्पताल के कर्मचारी शव का वार्ड से मॉर्च्युरी में शिफ्ट करने के दौरान लापरवाही बरतते है। कर्मचारियों को निर्देश है कि गर्मी के दिनों में वे शवों को फ्रीजर में ही रखे। लेकिन कर्मचारी स्टील के प्लेटफार्म पर शव रखकर चले जाते है।
क्या कहते हैं अधिकारी-
प्रोटोकॉल के तहत मॉर्च्युरी का निर्माण कार्य हुआ है। गर्मी के दिनों में दिक्कतें सामने आती है, लेकिन अभी तक किसी शव के झुलसने की सूचना नहीं मिली है। एहतियात के तौर पर सभी कर्मचारियों को निर्देश दिए है कि शव को फ्रीजर में ही रखे।
डॉ. हर्षवर्धन कुड़ापे, आरएमओ, जिला अस्पताल
Created On :   22 April 2025 5:48 PM IST