- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- छिंदवाड़ा
- /
- कंधे पर हाथ रखने पर उपजा विवाद, एक...
Chhindwara News: कंधे पर हाथ रखने पर उपजा विवाद, एक युवक की हत्या, दूसरा मौत से जंग लड़ रहा

- कंधे पर हाथ रखने पर उपजा विवाद, एक युवक की हत्या
- दूसरा मौत से जंग लड़ रहा
- सिंगोड़ी चौकी के जमुनिया में शनिवार रात हुई वारदात
Chhindwara News: सिंगोड़ी चौकी क्षेत्र के ग्राम जमुनिया में शनिवार रात कंधे पर हाथ रखने की बात पर उपजे विवाद में एक युवक की हत्या हो गई। वहीं एक अन्य युवक जिंदगी और मौत के बीच अस्पताल में जूझ रहा है। पुलिस ने इस मामले में पांच संदेहियों को हिरासत में लिया है। क्षेत्र में पुलिस दल वज्र वाहन से गश्त कर रहा है।
जानकारी अनुसार शनिवार को आदिवासी सम्मेलन के बाद जमुनिया बस स्टैंड में रात १० बजे करीब युवकों की टोली के बीच विवाद उपजा था। मृतक और आरोपियों के बीच कंधे पर हाथ रखने की बात पर धक्का मुक्की हुई थी। कुछ देर बाद फोन पर हुई तकरार के बाद धारदार हथियार लेकर आई आरोपियों की टोली ने सुकलूढाना निवासी मोहित पिता बबलू उईके (२१) को मौत के घाट उतार दिया। वहीं एक अन्य युवक नरेंद्र पिता महेश उईके (४५) जमुनिया निवासी को गंभीर हालत में नागपुर रेफर किया गया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी आदर्श उइके, गुलशन उईके सहित अन्य के खिलाफ हत्या, हत्या का प्रयास का अपराध दर्ज किया है। करीब पांच आरोपियों को हिरासत में लिया गया है।
ऐसे उपजा था विवाद
रात १० बजे जमुनिया बाजार चौक में मृतक मोहित, हरिकांत व अन्य खड़े थे। तभी अभिषेक व अन्य साथियों के बीच कंधे पर हाथ रखने की बात पर विवाद हुआ। कुछ देर बाद मृतक मोहित ने आदर्श को फोन पर देख लेने की धमकी दी। फिर आदर्श अपने साथियों के साथ हथियार लेकर तुरंत मौके पर पहुंच गया। यहां चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर मोहित को मौत के घाट उतार दिया। बीच में आए नरेंद्र पर भी चाकू से प्राणघातक हमला किया गया।
पुलिस बल बढ़ाया, वज्र से गश्त हुई
पुलिस ने क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आरोपियों को हिरासत में लिया है। क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस तैनात की गई है। वज्र वाहन और पुलिस दल ने क्षेत्र में भ्रमण कर अपराधियों को चेताया है।
इनका कहना है
दो मुख्य आरोपी सहित तीन अन्य को हिरासत में लिया है। आरोपियों के खिलाफ हत्या, हत्या का प्रयास की धाराओं में अपराध दर्ज किया गया है।
पंकज राय, चौकी प्रभारी सिंगोड़ी
Created On :   10 March 2025 6:25 PM IST