ट्रांसफर: चंद्रपुर जिले के 11 थानों के मुखिया हुए इधर से उधर , तबादले के आदेश हुए जारी

चंद्रपुर जिले के 11 थानों के मुखिया हुए इधर से उधर , तबादले के आदेश हुए जारी
  • सुनील गाड़े को बल्लारपुर पुलिस थाना की कमान
  • बल्लारपुर के थानेदार आसीफ राजा शेख को रामनगर पुलिस थाना चंद्रपुर में भेजा
  • अपराधों पर अंकुश लगाने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने किए ट्रांसफर

डिजिटल डेस्क, चंद्रपुर। जिला पुलिस अधीक्षक मुम्मका सुदर्शन ने सोमवार को पुलिस अधिकारियों के तबादले के आदेश जारी किए। जिले के पुलिस निरीक्षक, सहायक पुलिस निरीक्षक को तबादले के आदेश दिए गए हंै। विशेष रूप से बल्लारपुर के थानेदार आसीफ राजा शेख को रामनगर पुलिस थाना चंद्रपुर में भेजा गया, तो वहीं रामनगर पुलिस थाना के थानेदार सुनील गाड़े को बल्लारपुर पुलिस थाना की कमान सौंपी गई। बता दें कि पिछले कुछ दिनों में जिले में अपराधिक घटनाएं बढ़ गई थीं जिसमें बल्लारपुर, राजुरा व चंद्रपुर शहर का समावेश था। जिले में बढ़ते अपराधों पर अंकुश लगाने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से अब जिला पुलिस अधीक्षक ने कुछ पुलिस थाना में फेरफार करते हुए यहां के थानेदारों के तबादले करने की बात कही जा रही है। जिले के नागभीड़, सिंदेवाही, ब्रह्मपुरी, पोंभुर्णा, रामनगर, वरोरा, बल्लारपुर, भिसी, पडोली, माजरी तथा काेठारी पुलिस थाना में फेरबदल किया गया है।

ब्रह्मपुरी पुलिस थाना की कमान पुलिस निरीक्षक प्रमोद बानबले को सौंपी गई है। जबकि पुलिस नियंत्रण कक्ष के अमाेल काचोरे को नागभीड़ पुलिस थाना का जिम्मा दिया गया। नागभीड़ के थानेदार विजय राठोड़ को सिंदेवाही पुलिस थाना में भेजा गया। पुलिस नियंत्रण कक्ष में कार्यरत राजकमल वाघमारे पोंभुर्णा पुलिस थाना को संभालेंगे। वरोरा पुलिस थाना के थानेदार अजिंक्य तांबडे को स्थायी किया गया। चिमूर के सहायक पुलिस निरीक्षक को भिसी पुलिस थाना की कमान सौंपी गई। जिला विशेष शाखा के सहायक पुलिस निरीक्षक सचिन जगताप को पडोली पुलिस थाना भेजा गया।

बल्लारपुर पुलिस थाना के सहायक पुलिस निरीक्षक अमित पांडे को माजरी पुलिस थाना का जिम्मा दिया गया। जबकि एलसीबी में कार्यरत सहायक पुलिस निरीक्षक योगेश खरसान को कोठारी पुलिस थाना के पुलिस निरीक्षक बनाया गया है। पुलिस निरीक्षक बबन पुसाटे को नियंत्रण कक्ष चंद्रपुर, पुलिस निरीक्षक निशिकांत रामटेके को पुलिस उप अधीक्षक मुख्यालय चंद्रपुर भेजा गया। पुलिस नियंत्रण कक्ष में कार्यरत पुलिस निरीक्षक प्रकाश राऊत को पुलिस स्टेशन राजुरा, नए तबादला होकर आए पुलिस निरीक्षक श्याम गव्हाणे को जिला विशेष शाखा, पुलिस नियंत्रण कक्ष में कार्यरत संदीप ऐकाडे को पुलिस कल्याण विभाग व कोठारी के थानेदार सहायक पुलिस निरीक्षक आशीष बोरकर को गड़चादुर पुलिस थाना भेजा गया। इन तबादलों से अब जिले में बढ़ते अवैध व्यवसाय, अपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने की उम्मीद लोगों द्वारा जताई जा रही है।


Created On :   7 Aug 2024 8:14 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story