विदर्भ में आकाशीय बिजली गिरने से पांच मृत, 30 घायल

विदर्भ में आकाशीय बिजली गिरने से पांच मृत, 30 घायल
  • सभी जिलों में भारी वर्षा से जनजीवन प्रभावित
  • गड़चिरोली में अनेक गांव संपर्क से बाहर
  • दुर्घटना में दो युवकों की मृत्यु

डिजिटल डेस्क, भंडारा। विदर्भ के सातों जिलों में भारी वर्षा के कारण जनजीवन पूरी तरह से ठप पड़ चुका है। भंडारा और गोंदिया जिले में गाज गिरने से पांच लोगों की मृत्यु हो गई है जबकि 30 लोग घायल भी हुए हैं जिनका विभिन्न अस्पतालों में उपचार चल रहा है। चंद्रपुर और गड़चिरोली जिले में भारी वर्षा के कारण कई रास्ते बंद पड़ गए हैं, वहीं अमरावती और वर्धा में बांधों के गेट खोल दिए गए हैं।

भंडारा जिले की मोहाड़ी तहसील के निलज खुर्द परिसर में शुक्रवार को गाज गिरने से पांच महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गई। इनमें से दो की मृत्यु हो गई। मृतकों में वच्छला बावनथडे (50) तथा लता गाढवे (50) और घायलों में सुलोचन सिंगनजुडे (55), बेबी सयाम (55) तथा निर्मला खोब्रागडे (50) का समावेश है। यह सभी गोंदिया जिले की तिरोड़ा तहसील के नवेझरी ग्राम की रहनेवाली थीं। इसी तरह मोहाड़ी तहसील के ही ग्राम बोंद्री में खेत में रोपाई कर रहे ग्राम कांद्री िनवासी हिवराज दामा भिमटे पर गाज गिर पड़ी जिससे उसकी जान चली गई। गुरुवार को भी पवनी तहसील के चिचाल स्थित चिचबोडी खेत परिसर में गाज गिरने से अस्वस्थ महसूस कर रहे 22 मजदूरों को अस्पताल में दाखिल किया गया है। इसी प्रकार तुमसर तहसील के रनेरा में खेत में गाज गिरने से तीन बकरियों की मृत्यु हो गई।

गांेदिया जिले में भी जिले की सड़क अर्जुनी, देवरी और तिरोड़ा तहसील में बिजली गिरने से खेत मे काम कर रहे तीन मजदूरों की जान चली गई, वहीं पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना शुक्रवार दोपहर 2.30 बजे के दौरान घटी। मृतकों में ग्राम घाटबोरी तेली निवासी ओमदास सखाराम वाघाडे, देवरी तहसील के शिलापुर भोयरटोला निवासी ललिता कैलाश राउत (28) तथा घायलों में भोयरटोला निवासी अनुसया गणेश राउत (55), गणेश राउत (60) व कमला राउत (52) व तिरोड़ा तहसील के ग्राम सर्रा निवासी फूलन इसुलाल ठाकरे (42) व गायत्री दिनेश ठाकरे (36) का समावेश है।

चंद्रपुर जिले की पोंभुर्णा तहसील अंतर्गत अंधारी नदी में आयी बाढ़ से हजारों एकड़ खेत जलमग्न हो गए। मूसलाधार बारिश से कई मार्ग बंद हो गए। मूसलाधार बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर हैं। कई मार्ग बंद होने से दर्जनों गांवों का संपर्क टूट गया है। शहर में अतिवृष्टि निचले क्षेत्रों में जलजमाव की स्थिति पैदा हो गई। वहीं मूल तहसील के कुछ मार्ग बंद होने से विद्यार्थी बस स्टैंड में फंसे रहे, सिंदेवाही तहसील का नाला उफान पर होने से अनेक गांवों का तहसील मुख्यालय से संपर्क टूट गया है। पोंभुर्णा तहसील में भी बाढ़ सदृश्य स्थिति बन गई। पिछले 24 घंटे में 6 तहसीलों में अतिवृष्टि दर्ज की गई। नागभीड़ तहसील के सावंगी (बडगे) परिसर से गुजरने वाली निर्माणाधीन गोसेखुर्द की दाहिनी नहर का किनारा फूटने से पलसगांव खुर्द के तीन एकड़ खेतों में रेत, पत्थर पानी के बहाव के साथ आ गए।

गड़चिरोली जिले में गुरुवार देर रात से जिले में जारी मूसलाधार बारिश के चलते शुक्रवार सुबह से जिले की विभिन्न नदी व नालों में बाढ़ की स्थिति बनी रही। जिसके चलते जिले के 23 मार्गों का यातायात सुबह से ठप रहा। बाढ़ की स्थिति के चलते जिले के सैकड़ों गांवों का संपर्क जिला मुख्यालय से कटा रहा। इस बीच जिलाधिकारी संजय मीना ने शनिवार 22 जुलाई को जिले के सभी स्कूलों व महाविद्यालयों को बंद रखने के आदेश दिए हैं। भामरागड़-आलापल्ली मार्ग के तीन नाले शुक्रवार सुबह से उफान पर होने के कारण यह मार्ग बंद हैं।

वर्धा शहर सहित जिलेभर में शुक्रवार सुबह से रूक-रूककर बारिश का दौर जारी रहा। भारी वर्षा से यहां नदी-नाले उफान पर रहे। जिले के ऊर्ध्व, निम्न वर्धा व बेंबला बांध के दरवाजे खोल दिए गए हैं। नदी किनारे बसे गांवों में सतर्क रहने की चेतावनी दी गई है। पवनार की धाम नदी भी उफान पर हैं। समुद्रपुर तहसील के कोरा स्थित लाल नाला बांध के 5 गेट 10 सेंटीमीटर से खोल दिए गए। जिससे लाल नाला, पोथरा, वर्धा नदी के किनारे बसे गांवों में सतर्कता बरतने को कहा गया है। जिले की आष्टी शहीद तहसील के सीमा स्थित उर्ध्व वर्धा बांध के दरवाजे शुक्रवार को खोल दिए गए। उर्ध्व वर्धा बांध से 300 घनमीटर प्रति सेकंड से वर्धा नदी में पानी का विसर्ग जारी रहा । वर्धा जिले के देवली तहसील के सीमा पर स्थित बेबला नदी बांध के 6 दरवाजे खोल दिए गए जिससे 300 घनमीटर पानी का विसर्ग होता रहा।

अमरावती जिले में शुक्रवार को रुक-रुककर बारिश होती रही। इस बीच जिले के सबसे बड़े अपर वर्धा बांध के 7 गेट शाम 7 बजे 50 सेंटीमीटर से खोलकर 529 एमएलडी पानी छोड़ा गया। वहीं, गुरुवार की दोपहर से शुरू हुई बारिश से 6 राजस्व मंडल में अतिवृष्टि दर्ज की गई। 30 मकान क्षतिग्रस्त हुए तथा 16 पशुओं की मौत हो गई। उधर चिखलदरा, अमरावती व चांदुर बाजार तहसील में 8 हजार 82 हेक्टेयर क्षेत्र की फसलों का नुकसान होने की जानकारी मिली है। जिले में शुक्रवार को भी लगातार बारिश होती रही।

दुर्घटना में दो युवकों की मृत्यु

चंद्रपुर-नागपुर महामार्ग के घोड़पेठ स्थित नायरा पेट्रोल पंप के पास कार और एक दोपहिया की टक्कर में दोपहिया सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए जिला सरकारी अस्पताल में दाखिल किया गया था जहां दोनों की मृत्यु हो गई। घटना आज शुक्रवार सुबह 10.30 बजे की बतायी जाती है। मृतकों में यश देवालकर और करण जुलमे का समावेश है।


Created On :   21 July 2023 4:14 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story