नागपुर: डेंगू - चिकनगुनिया के मरीजों की संख्या में हुई बढ़ोतरी, संक्रमण से बचने की सलाह

  • डेंगू के 108 और चिकनगुनिया के 455 मरीज
  • 31 लाख 93 हजार नागरिकों से संपर्क

Bhaskar Hindi
Update: 2024-08-31 12:35 GMT

डिजिटल डेस्क, नागपुर। बरसाती जलजमाव से मच्छरों का प्रकोप बढ़ा और डेंगू, चिकनगुनिया का तेजी से बढ़ रहा है। संक्रामण और मच्छरों का प्रकोप रोकने के लिए फागिंग और स्प्रे किया जा रहा है। प्रशासन ने नागरिकों से परिसर में जलजमाव रोकने का आवाहन किया है। बावजदू इसके संक्रामण की रोकथाम संभव नहीं हो पा रही है। इतना ही नहीं शहर में अनेक स्थानों पर अब भी जलजमाव बना हुआ है।

डेंगू के 108 और चिकनगुनिया के 455 मरीज

अब तक चिकनगुनिया के संदिग्ध 2193 और पॉजिटिव 455। इसके अलावा डेंगू के संदिग्ध 1964 और पॉजिटिव 108 मरीज हो गए हैं। मनपा प्रशासन का दावा है कि फॉगिंग और स्प्रेईंग के लिए कचरा व्यवस्थापन विभाग के 50 कर्मचारियों को नियुक्त किया है। इसके साथ ही जीपीएस ट्रैकर वाले 10 फॉगिंग वाहनों को भी जोन स्तर पर संचालित किया जा रहा है। वाहनों से प्रतिदिन सुबह और शाम फॉगिंग की जा रही है। 4 जोन के अलग-अलग संक्रमण वाले स्थानों पर विशेष निगरानी के साथ ही 10 जोन स्तर पर रैपिड रिस्पॉन्स टीम भी तैनात है। डेंगू और चिकनगुनिया के संदिग्ध मरीज मिलते ही टीम की ओर से तत्काल कंटेनर सर्वेक्षण, फागिंग स्प्रेईंग समेत अन्य काम आरंभ कर दिए गए हैं।

31 लाख 93 हजार नागरिकों से संपर्क

आशा स्वयंसेविकाओं ने अब तक शहर में 7,81,282 घरों का सर्वेक्षण पूरा कर लिया है। 31 लाख 93 हजार 710 नागरिकों के स्वास्थ्य की जानकारी ली गई है। सर्वेक्षण के दौरान 26 हजार 22 नागरिकों को बुखार होने की जानकारी मिली है। इनमें 1173 संदिग्धों के नमूनों को रक्त जांच के लिए भेजा गया है। शहर में बड़े पैमाने पर जलजमाव पाया गया है। इनमें 17,683 स्थानों पर कूलर, 18,274 गमले, 3,397 मटके, 4,027 टायर, 8,990 ड्रम, 2,993 पक्षी एवं प्राणियों के बर्तनों में लार्वा को पाया गया है। इन स्थानों पर सफाई कर दी गई है। इसके साथ ही फागिंग और स्प्रे भी कराया गया है।

इस संक्रमण के कारण जोड़ों और मांसपेशियों में गंभीर दर्द होता है। अन्य लक्षणों में अचानक तेज़ बुखार, सिरदर्द, थकान, चकत्ते, मतली और लाल आंखें शामिल हैं। चिकनगुनिया के लक्षण अक्सर संक्रमित मच्छर के काटने के 2 से 7 दिनों के भीतर दिखाई देते हैं।


Tags:    

Similar News