शादी का सपना दिखाकर जवान ने किया दुष्कर्म

बर्खास्त जवान पर मामला दर्ज

Bhaskar Hindi
Update: 2023-06-29 07:19 GMT

डिजिटल डेस्क, नागपुर। एक युवती को शादी के सपने दिखाकर उससे जबरन दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। सीताबर्डी पुलिस ने सीआरपीएफ के बर्खास्त जवान बृजेश तोमर (34) पर दुष्कर्म का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया है। आरोपी को अलीगढ़ से गिरफ्तार कर नागपुर लाकर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे गुरुवार तक पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।

होटल में लेकर गया : पुलिस के अनुसार 21 वर्षीय युवती मूलत: अमरावती जिले की रहने वाली है। वह नागपुर में शिक्षा ले रही है। वर्ष 2019 में बृजेश की तैनाती विजयवाड़ा में थी। इस दौरान इंस्टाग्राम के माध्यम से युवती से दोस्ती हो गई। बृजेश ने युवती को बताया कि सीआरपीएफ में अधिकारी के पद पर कार्यरत है। युवती उसके प्रेम के झांसे में आ गई। आरोपी ने उसे शादी करने के सपने दिखाए। 10 फरवरी 2023 को बृजेश को सीआरपीएफ से बर्खास्त कर दिया गया। यह बात आरोपी ने युवती से छिपाई। 5 अप्रैल को बृजेश ने पीड़िता को मिलने के लिए नागपुर बुलाया। सीताबर्डी के एक होटल में उसे लेकर गया और शादी करने की बात कहकर उससे शारीरिक संबंध बनाया।

शादी से इनकार किया : आरोपी ने पीड़िता से संबंध बनाने के बाद उससे दूरी बनाने की कोशिश करने लगा। जब पीड़िता ने उससे शादी करने के बारे में पूछा, तो उसने इनकार कर दिया। तब पीड़िता ने बृजेश तोमर के खिलाफ सीताबर्डी थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने विविध धाराओं के तहत आरोपी पर मामला दर्ज किया और उसे गिरफ्तार करने के लिए एक पुलिस दस्ते को अलीगढ़ रवाना किया। दस्ते ने आरोपी को अलीगढ़ से गिरफ़्तार कर नागपुर लाने के बाद उसका पीसीआर हासिल किया है।

Tags:    

Similar News