रिमझिम बूँदों के बीच अदा हुई ईदुज्जुहा की नमाज

ईदगाह में अल्लाहो अकबर की गूँज पर हजारों सर एक साथ सज्दे में झुके

Bhaskar Hindi
Update: 2023-06-29 17:38 GMT

डिजिटल डेस्क जबलपुर। कुर्बानी की वीडियो सोशल मिडिया में शेयर न करें। कोई ऐसी चीज न करें, जिससे किसी की भावनाओं को ठेस पहुँचे। ऐसा करने की इजाजत न हमें हमारा मजहब देता है और न हमारी शरीयत देती है। यह बात नायबे मुफ्तीए आजम मुशाहिद रजा कादरी बुरहानी ने ईदुज्जुहा (बकरीद) के मौके पर रानीताल ईदगाह में कही। उन्होंने कहा िक कहा कि इल्म में तरक्की है। इसलिए इल्म जरूर हासिल करें। कौम को तरक्की की बहुत जरूरत है और अपने बच्चों को दीनी और दुनियावी इल्म जरूर सिखाएँ। तकरीर के बाद मौलाना मुहम्मद सूफी जियाउल हक कादरी बुरहानी ने ईदुज्जुहा की नमाज अदा कराई। एक साथ हजारों लोगों ने ईद की नमाज अदा की। ईदगाह में अल्लाहो अकबर की गूँज पर हजारों सर एक साथ सज्दे में झुक गए। नमाज के बाद ईदुज्जुहा का खुत्बा पढ़ा गया। मुफ्ती ए आजम ने मुल्क में अमन शांति और खुशहाली के लिए दुआ की। नमाज के बाद लोगों ने आपस में गले मिलकर एक दूसरे को ईद की मुबारकबाद पेश की। शहर की प्रमुख मस्जिदों में रिमझिम बारिश के बीच लोगों ने बकरीद की नमाज अदा की।

यहाँ भी अदा हुई नमाज

ईदगाह गोहलपुर में सुबह 8 बजे हाफिज मुहम्मद ताहिर साहब ने ईद की नमाज अदा कराई। इसी तरह सदर बाजार ईदगाह में सुबह 9 बजे हाफिज मकसूद अहमद साहब ने नमाज अदा कराई। इस मौके पर मौलाना साहब ने मुल्क में अमन शांति एवं खुशहाली के लिए दुआएँ कीं। नमाज के बाद नमाजियों ने गले मिलकर एक दूसरे को ईद की मुबारकबाद पेश की। हिन्दू धर्मावलंबियों ने मुस्लिम भाइयों का इत्र, फूल से स्वागत किया तथा गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। गढ़ा स्थित ईदगाह काजी मोहल्ला में प्रात: 9.30 बजे हाफिज कारी अमीर अशरफ ने ईद की नमाज अदा कराई। ईद के मौके पर कुर्बानियाँ भी दी गईं।

शिया जामा मस्जिद - फूटाताल स्थित शिया जामा मस्जिद जाकिर अली में प्रात: 10 बजे शिया मुस्लिमों ने ईदुज्जुहा की नमाज अदा की। मौलाना सैयद हैदर मेहदी ने ईद की नमाज अदा कराई। नमाज के बाद शिया बंधु आपस में गले मिले तथा एक-दूसरे को ईद की मुबारकबाद दी। शिया बहुल क्षेत्र बेलबाग टोरिया में दिन-भर ईद की चहल-पहल रही। मंडी मदार टेकरी स्थित जामा मस्जिद सहित प्रमुख मस्जिदों में भी बड़ी संख्या में मुसलमानों ने ईद की नमाज अदा की। आगा चौक स्थित हजरत मिर्जा आगा मोहम्मद साहब की दरगाह, सुव्हानबाग तथा मदन महल दरगाह स्थित मस्जिद गौसुलवरा नूरानी में ईदुज्जुहा की नमाज अदा की गई। उपनगरीय क्षेत्र रामपुर, अधारताल, सतपुला, रांझी, खमरिया एवं व्हीकल एस्टेट मस्जिद में भी बड़ी तादाद में मुस्लिमों ने ईदुज्जुहा की नमाज अदा की।

Tags:    

Similar News