यहां बन रहा दुनिया का पहला तैरने वाला शहर, 15.5 एकड़ में फैले इस शहर में बसेंगे 12000 लोग

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अगर आप से कहा जाए कि दुनिया में एक शहर ऐसा भी होगा जो पानी में तैरेगा, तो आप यकीन नहीं करेंगे लेकिन ये एकदम सच है। दरअसल, दक्षिण कोरिया के बुसान में एक ऐसे ही शहर का निर्माण किया जा रहा है जो पानी में तैरेगा। बुसान शहर में समुद्र के किनारे बनाए जाने वाले इस शहर का निर्माण 2025 तक पूरा भी कर लिया जाएगा।
जानिए कैसा होगा शहर
संयुक्त राष्ट्र के समर्थन से तैयार होने वाले इस अनोखे शहर के निर्माण की अधिकारिक घोषणा भी कर दी गई है और इस प्रोजेक्ट का नाम OCEANIX रखा गया है। प्रोजेक्ट रिपोर्ट में इस शहर के नए डिजाइन की तस्वीरें सामने आई हैं। तस्वीरों में एक-दूसरे से जुड़े प्लेटफॉर्म दिख रहे हैं जो करीब 15.5 एकड़ क्षेत्रफल में फैले हैं। कहा जा रहा है कि इसके निर्माण की लागत 1500 करोड़ आएगी। इसके लिए बुसान मेट्रोपॉलिटन सिटी ऑफ रिपब्लिक ऑफ कोरिया, यूएन हैबिटेट और न्यूयॉर्क की डिजाइनिंग फर्म ओशियानिक्स के बीच डील हुई है।
प्रोजेक्ट के सीआईओ फ्लिप हॉफमैन का कहना है कि इस शहर का निर्माण 2025 तक पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि ‘इस प्रोजेक्ट के जरिए हम तटीय शहरों के लिए नई जमीन तैयार करने का काम कर रहे हैं। इस प्रोजेक्ट के माध्यम से हम उन लोगों की मदद करना चाहते हैं जो समुद्री तटीय इलाकों में रहते हुए बढ़ते जलस्तर और बाढ़ के संकट का सामना कर रहे हैं, क्योंकि हर साल लगभग पांच लाख लोग तो बाढ़ के संकट की वजह से ही अपना घर छोड़ने को मजबूर हो जाते हैं।
शहर में मिलने वाली सुविधाएं
आइए जानते हैं दुनिया के अजब शहर में मिलने वाली सुविधाओं के बारे में -
• प्रोजेक्ट रिपोर्ट के अनुसार शहर को आवास, रिसर्च और मनोरंजन के हिसाब से अलग-अलग इलाकों में बांटा जाएगा।
• शहर का हर दीप छह कोने वाला होगा। एक द्वीप से दूसरे द्वीप पर लोग बोट के माध्यम से जा सकेंगे। साथ ही शहर में ज्यादा ऊंचाई वाली इमारतों का निर्माण नहीं किया जायेगा। इमारतों की ऊंचाई सात मंजिल से ज्यादा नहीं होगी ताकि तेज हवाओं के प्रभाव से इन्हें बचाया जा सके।
• शहर में सीफूड और प्लांट बेस्ड डाइट से तैयार होने वाला खाना मिलेगा। यह शहर अपनी जरुरत का खाना खुद ही तैयार करेगा। साथ ही साफ पानी की व्यवस्था यहां होगी।
• घरों को स्थानीय स्तर पर मिलने वाले चीजों जैसे बांस आदि से तैयार किया जाएगा। साथ ही उन पर चूना पत्थर की परत चढ़ाई जाएगी।
• प्रोजेक्ट की रिपोर्ट के अनुसार शहर अपनी आवाश्यकता के अनुसार सौर ऊर्जा के माध्यम से बिजली खुद बनाएगा। इसके लिए घरों की छतों पर सोलर पैनल लगाए जाएंगे। एक तरह से यह शहर आत्मनिर्भर रहेगा।
• शहर में मार्केट लगेगा, खरीददार बोट के माध्यम से एक आईलैंड से दूसरे आईलैंड जा सकेंगे।
• OCEANIX प्रोजेक्ट की रिपोर्ट में यह दावा किया गया है कि पानी में तैरते इस शहर को बाढ़ से कोई खतरा नहीं होगा।
Created On :   5 May 2022 5:39 PM IST