WPL 2025: हरमनप्रीत कौर की कप्तानी पारी...नैट साइवर ब्रंट की खतरनाक गेंदबाजी...दूसरी बार चैंपियन बनी मुंबई इंडियंस

- हरमनप्रीत कौर ने खेली 66 रनों की कप्तानी पारी
- नैट साइवर ब्रंट की खतरनाक गेंदबाजी करते हुए उखाड़े 3 विकेट
- 8 रनों से जीत के साथ दूसरी बार चैंपियन बनी मुंबई इंडियंस
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। विमेंस प्रीमियर लीग 2025 के खिताबी जंग में मुंबई इंडियंस ने 8 रनों से बाजी मार ली है। इसी के साथ मुंबई इंडियंस ने दूसरी बार टूर्नामेंट की ट्रॉफी अपने नाम कर ली है। मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई इंडियंस ने डीसी के सामने 150 रनों का टारगेट सेट किया था। जिसके जवाब में दिल्ली कैपिटल्स निर्धारित 20 ओवरों में 9 विकेट गंवाकर केवल 141 रन ही बना सकी। इसी के साथ एमआई ने निर्णायक मुकाबले में 8 रनों से जीत अपने नाम कर ली।
टूर्नामेंट के तीन सीजन में तीसरी बार सीधे फाइनल में पहुंचने के बाद बावजूद मेग लैनिंग की कप्तानी वाली दिल्ली कैपिटल्स की टीम मुंबई इंडियंस के दिए 150 रनों के लक्ष्य को भेद ना सकी। मौजूदा सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली नैट साइवर ब्रंट ने अपनी शानदार गेंदबाजी से डीसी की टीम को बैकफुट पर ला दिया था।
मुकाबले में मारिजान कैप की 26 गेंदों पर 40 रनों की जुझारू पारी के अलावा दिल्ली का कोई भी अन्य बल्लेबाज नहीं चल सका था। कप्तान मेग लैनिंग, शेफाली वर्मा, जेस जोनासन, जेमिमाह रोड्रिग्स और एनाबेल सदरलैंड जैसे दिग्गज खिलाड़ियों के बल्ले भी शांत ही रह गए।
हालांकि, इस मुकाबले में मुंबई की शुरुआत भी कुछ खास नहीं थी। उन्होंने 14 रन के स्कोर पर अपने शुरुआती दो विकेट गंवा दिए थे। लेकिन इसके बाद कप्तान हरमनप्रीत और और नैट साइवर ब्रंट ने मिलकर 89 रनों की शानदार साझेदारी की। इस दौरान हरमनप्रीत कौर ने टीम के लिए 66 रनों की शानदार अर्धशतकीय पारी खेली।
Created On :   15 March 2025 11:30 PM IST