इमरजेंसी हेलिकॉप्टर लैंडिंग: इमरजेंसी लैंडिंग से पहले हवा में नाचने लगा हेलिकॉप्टर, तकनीकी खराबी बनी वजह, वीडियो वायरल

इमरजेंसी लैंडिंग से पहले हवा में नाचने लगा हेलिकॉप्टर, तकनीकी खराबी बनी वजह, वीडियो वायरल
  • केदारनाथ में टला हेलिकॉप्टर हादसा
  • तकनीकी खराबी की वजह से इमरजेंसी लैंडिंग
  • पायलट सहित सात यात्री थे सवार

डिजिटल डेस्क, देहरादून। उत्तराखंड के केदारनाथ में शुक्रवार को एक हेलिकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त होने से बाल-बाल बच गया। तकनीकी खराबी के कारण हेलिकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग करवानी पड़ी। लैंडिंग से ठीक पहले हेलिकॉप्टर अचानक चारों तरफ गोल-गोल घूमने लगी। हालांकि पायलट ने सूझबूझ से काम लेते हुए संभावित दुर्घटना को टाल दिया। पायलट सहित हेलिकॉप्टर में सवार सभी 7 यात्री सुरक्षित हैं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर चारों तरफ नाचते हुए हेलिकॉप्टर का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। कुछ यूजर्स पायलट की तारीफ कर रहे हैं तो वहीं कुछ लोग इसे बाबा केदारनाथ की कृपा बता रहे हैं।

हेलिपैड से 100 मीटर पहले इमरजेंसी लैंडिंग

हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बचने वाला हेलिकॉप्टर क्रिटन कंपनी का था। जिला प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि तकनीकी खराबी के कारण हैलिकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग करवानी पड़ी। हेलिपैड से करीब 100 मीटर पहले ही हेलिकॉप्टर चारों तरफ नाचने लगा। उन्होंने बताया कि सुबह सात बजे के करीब क्रिटन एविएशन कंपनी का हेलिकॉप्टर शेरसी से 6 यात्रियों को लेकर केदारनाथ आ रहा था। शिवाजी, महेश्वरी, उल्लू बैंकट चलम, मयूर बाघवानी, सुमति और सुन्दरा राज नामक सभी 6 यात्री तमिलनाडु राज्य के थे। जानकारी के मुताबिक, हेलिकॉप्टर के रूडल में खराबी आ गई थी। कैप्टन कल्पेश ने सूझबूझ के साथ एक बड़े हादसे को टाल दिया।

मौके पर पहुंची पुलिस की टीम

घटना की जानकारी मिलने के तुरंत बाद पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। यात्रियों को हेलिकॉप्टर से निकालकर दर्शन के लिए श्री केदारनाथ पहुंचाया गया। पायलट कल्पेश के अनुसार, सभी यात्री सुरक्षित हैं। यदि इमरजेंसी लैंडिंग नहीं कराते तो बड़ा हादसा हो सकता था। सुरक्षित लैंडिंग के बाद यात्रियों ने भी राहत की सांस ली। रिपोर्ट के अनुसार, केदारनाथ धाम में इस समय नौ हेलीकॉप्टर सेवाएं चल रही हैं।

Created On :   24 May 2024 8:24 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story