बाबा की काली करतूत: दुष्कर्म के साथ अश्लील वीडियो बनाकर कर रहा था ब्लैकमेल

दुष्कर्म के साथ अश्लील वीडियो बनाकर कर रहा था ब्लैकमेल
  • उमरानाला पुलिस ने किया गिरफ्तार, भेजा जेल
  • हर गुरुवार को लगाता दरबार
  • झाडफ़ूंक से इलाज का करता पाखंड

डिजिटल डेस्क,छिंदवाड़ा। छिंदवाड़ा के उमरानाला चौकी क्षेत्र में हर गुरुवार को दरबार लगाकर झाडफ़ूंक से इलाज का पाखंड करने वाले एक बाबा की काली करतूत सामने आई है। एक महिला को अपने जाल में फंसाकर बाबा ने उसका शारीरिक शोषण किया और अश्लील वीडियो बना लिया। बाबा ब्लैकमेल कर महिला से एक बार रुपए ले चुका था। दोबारा रुपए के लिए परेशान कर रहा था। पीडि़ता ने अपने पति को घटना की जानकारी देने के बाद चौकी आकर शिकायत की है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

चौकी प्रभारी महेन्द्र भगत ने बताया कि सिमरिया निवासी 40 वर्षीय लाल सिंह पिता बाबू मोहबे हर गुरुवार को दरबार लगाकर झाडफ़ूंक कर बीमारियों का इलाज करने का दावा करता था। 29 वर्षीय महिला आरोपी के झांसे में आ गई। जून माह में आरोपी ने महिला का शारीरिक शोषण किया और उसका अश्लील वीडियो बना लिया था। वीडियो वायरल करने और पति को बताने की धमकी देकर आरोपी ने पीडि़ता से 50 हजार रुपए ले लिए थे। आरोपी दोबारा रुपए की मांग कर रहा था। पीडि़ता ने अपने साथ हुए कृत्य की जानकारी पति को दी और पुलिस के पास पहुंची। पुलिस ने अपराध दर्ज किया है।

इलाज कराने आती थी महिला-

महिला को शारीरिक समस्या थी। वह पिछले एक साल से बाबा के दरबार से जुड़ी थी। बीमारी का इलाज करने का झांसा देकर आरोपी बाबा ने महिला को अपने झांसे में फंसा लिया था।

पुलिस ने गिरफ्तार कर भेजा जेल-

पीडि़ता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी लाल सिंह मोहबे के खिलाफ धारा 376, 384, 342, 506 के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर पुलिस ने जेल भेज दिया है।

Created On :   5 July 2024 11:42 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story