हादसा: सीमेन्ट फैक्ट्री में पानी की टंकी फूटने से श्रमिक की मौत, आक्रोशित मजदूरों ने रोका काम

सीमेन्ट फैक्ट्री में पानी की टंकी फूटने से श्रमिक की मौत, आक्रोशित मजदूरों ने रोका काम
  • ल्ट्राटेक सीमेन्ट फैक्ट्री में हुआ दर्दनाक हादसा
  • ठेका श्रमिक की हुई मौत
  • हड़ताल पर गए हजारों मजदूर

डिजिटल डेस्क, सतना। मैहर थाना अंतर्गत सरलानगर के अल्ट्राटेक सीमेन्ट फैक्ट्री में रविवार रात को हुए एक हादसे में ठेका श्रमिक की मौत हो गई, जिससे भडक़े हजारों मजदूर काम बंद कर हड़ताल पर चले गए। अंतत: पुलिस और फैक्ट्री प्रबंधन के हस्तक्षेप से गतिरोध खत्म किया गया। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक छोटू पासवान पुत्र भगत सिंह पासवान 24 वर्ष, निवासी कल्याणपुर, जिला शिवहर (बिहार), बीते काफी समय से सीमेंट फैक्ट्री में कांट्रेक्टर केपी मेहता के लिए काम कर रहा था।

रविवार रात को जब वह नाइट ड्यूटी के समय खाना खाकर टिफिन धोने जा रहा था तभी फैक्ट्री परिसर में बनी पानी की टंकी फूट गई, जिसका मलबा गिरने से छोटू बुरी तरह घायल हो गया। उसे एम्बुलेंस से तुरंत सिविल अस्पताल मैहर ले जाया गया, जहां गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टर ने हायर सेंटर ले जानने की सलाह दी। तब पीड़ित को रात में ही मेडिकल कॉलेज जबलपुर के लिए रवाना किया गया, मगर उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

पुलिस के हस्तक्षेप से सामान्य हुए हालात

यह खबर जैसे ही मैहर पहुंची तो सोमवार की सुबह ड्यूटी पर आए हजारों श्रमिकों ने फैक्ट्री के गेट नम्बर-2 पर धरना दे दिया। कोई भी काम पर जाने को तैयार नहीं था। हंगामे की स्थिति निर्मित होने की सूचना पर सीएसपी राजीव पाठक और मैहर टीआई अनिमेष द्विवेदी दलबल के साथ फैक्ट्री पहुंच गए, जहां प्रबंधन और ठेकेदार के प्रतिनिधियों को बुलाकर मृत मजदूर को वाजिब आर्थिक सहायता प्रदान करने का भरोसा दिलाया गया। इसके साथ ही घटना की जांच कराने की बात भी कही, जिसके बाद श्रमिकों ने धरना खत्म कर दिया। उधर जबलपुर में ही मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराते हुए एम्बुलेंस से उसके गांव रवाना कर दिया गया।

Created On :   3 Sept 2024 1:14 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story