IPL 2025: एक नहीं बल्कि दो-दो बार, आईपीएल में हुआ एक ऐसा कारनामा जो आजतक इंटरनेशनल क्रिकेट में भी नहीं हो सका संभव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग 2025 की शुरुआत में अब केवल कुछ ही दिन शेष रह गए हैं। इसका का आगाज शनिवार 22 मार्च से होने वाला है। टूर्नामेंट के 18वें सीजन के लिए सभी 10 टीमें जोरों शोरों से तैयारियों में जुटी हुई हैं। बता दें, आईपीएल वो टूर्नामेंट है जिसमें आए दिन पुराने रिकॉर्ड्स टूटते हैं और नए रिकॉर्ड्स बनते हैं। इस सीजन में भी फैंस को रोमांच से भरपूर मैचों की उम्मीद है।
वैसे तो इंटरनेशनल मैचों में कई बार एक ओवर में 36 रन बनते देखे गए हैं। लेकिन क्या आपको पता है आईपीएल में एक ओवर में 37 रन भी बन चुके हैं। जी हां, और तो और ये कारनामा एक बार नहीं बल्कि दो-दो बार हो चुका है। आइए जानते हैं उन दो दिग्गज बल्लेबाजों के बारे में जिन्होंने ये अविश्वसनीय कारनामा किया है।
आईपीएल के सबसे घातक बल्लेबाजों में से एक और यूनिवर्स बॉस के नाम से मशहूर क्रिस गेल ने ये कारनामा पहली बार किया था। आरसीबी के इस बल्लेबाज ने अपने करियर में गेंदबाजों की खूब धुनाई की है। साल 2011 में कोच्ची टस्कर्स केरला के खिलाफ एक मैच में गेल ने गेंदबाज प्रशांत परमेश्वरन की एक ओवर में 37 रन जड़ दिए थे। लेकिन अब सभी के मन में ये सवाल उठ रहा होगा आखिर उन्होंने ऐसा किया कैसे था।
परमेश्वरन ने जब अपनी स्पेल का पहला गेंद फेंका तब गेल ने उसे सीधा बाउंड्री के पार पहुंचा दिया था। पहली गेंद पर छक्का लगाने के बाद दूसरी गेंद पर भी उन्होंने एक और छक्का जड़ दिया था। लेकिन ये गेंद नो बॉल थी। जिसके बाद अगली दो गेंदों पर गेल ने लगातार 2 चौके ठोक दिए। इसके बाद उन्होंने फिर से दो छक्के जड़े थे। वहीं, आखिरी गेंद पर यूनिवर्स बॉस ने चौका लगाया था। बता दें, टूर्नामेंट के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ था जब एक ओवर में 37 रन बने हो।
दूसरी बार ये कारनामा भारतीय दिग्गज ऑलराउंडर रवींद्र जड़ेजा ने किया था। साल 2021 में आरसीबी के खिलाफ खेले गए मुकाबले में सीएसके के इस ऑलराउंडर ने हर्षल पटेल की ओवर में 37 रन बनाए थे। इस दौरान पटेल ने अपनी स्पेल की शुरुआत नो बॉल के साथ की थी जिसपर जड्डू ने छक्का जड़ दिया था। इसके बाद उनका ये छक्कों का सिलसिला अगली तीन गेंदों तक चलता रहा था। इसके बाद उन्होंने ओवर की चौथी गेंद पर 2 रन लिए। वहीं, बचे दो गेंदों में उन्होंने एक चौका और एक छक्का जड़ा था।
Created On :   19 March 2025 10:10 PM IST