ICC Champions Trophy 2025: ये हैं वो पांच टीमें जिन्होंने चैंपियंस ट्रॉफी में खड़ा किया है सबसे बड़ा स्कोर, फेहरिस्त में भारत के आगे है पाकिस्तान, देखें पूरी लिस्ट

ये हैं वो पांच टीमें जिन्होंने चैंपियंस ट्रॉफी में खड़ा किया है सबसे बड़ा स्कोर, फेहरिस्त में भारत के आगे है पाकिस्तान, देखें पूरी लिस्ट
  • चैंपियंस ट्रॉफी के इतिहास में न्यूजीलैंड ने खड़ा किया है सबसे बड़ा स्कोर
  • फेहरिस्त में भारत के आगे है पाकिस्तान
  • तीसरे स्थान पर है भारतीय क्रिकेट टीम

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। वर्ल्ड कप के बाद आईसीसी के सबसे बड़े टूर्नामेंट यानी चैंपियंस ट्रॉफी की शुरुआत में अब 1 महीने से भी कम का वक्त बचा हुआ है। चैंपियंस ट्रॉफी का आगाज अगले महीने 19 फरवरी से होना है। आपको बता दें, इस बार चैंपियंस ट्रॉफी का नौंवा सीजन खेला जा रहा है। मिनी वर्ल्ड कप कहे जाने वाले इस टूर्नामेंट की शुरुआत साल 1998 में हुई थी। लेकिन क्या आप जानते हैं कि इस टूर्नामेंट में किस टीम ने सबसे ज्यादा रन बनाए हैं। तो चलिए जानते हैं उन पांच टीमों के बारे में जिन्होंने चैंपियंस ट्रॉफी के इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाए है।

1. न्यूजीलैंड

चैंपियंस ट्रॉफी के इतिहास में सबसे बड़ा स्कोर खड़ा करने का रिकॉर्ड न्यूजीलैंड के पास है। किवीयों ने ये रिकॉर्ड साल 2004 में संयुक्त राज्य अमेरिका के खिलाफ मुकाबले में बनाया था। इस दौरान उन्होंने 347 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया था। वहीं, इसका पीछा करने उतरी अमेरिका की टीम महज 137 रनों पर ऑलआउट हो गई थी।

2. पाकिस्तान

इस लिस्ट के दूसरे स्थान पर चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के मेजबान पाकिस्तान का नाम है। साल 2017 में टूर्नामेंट के फाइनल मैच में भारत के खिलाफ पाकिस्तान ने 4 विकेटों के नुकसान पर 338 रनों का बड़ा स्कोर बनाया था। लेकिन जवाब में भारतीय टीम केवल 158 रन ही बना सकी और खिताब गंवा दिया।

3. भारत

भारत इस फेहरिस्त के तीसरे स्थान पर काबिज है। टीम इंडिया ने साल 2013 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ मैच में 7 विकेटों के नुकसान पर 331 रन बनाए थे। भारत को इस बड़े स्कोर तक पहुंचाने में बल्लेबाज शिखर धवन की अहम भूमिका रही थी। इस दौरान गब्बर ने 114 रनों की शतकीय पारी खेली थी। हालांकि, साउथ अफ्रीका ने भारत के दिए टारगेट का पीछा करते हुए 305 रन जोड़ने में सफल रही थी। लेकिन इस समय तक प्रोटियाज के सभी बल्लेबाज पवेलियन रवाना हो चले थे।

4. इंग्लैंड

इंग्लैंड ने साल 2009 में चैंपियंस ट्रॉफी के इतिहास का चौथा सबसे बड़ा स्कोर खड़ा किया था। उन्होंने ये कारनामा साउथ अफ्रीका के खिलाफ किया था। मुकाबले में इंग्लिश टीम ने 8 विकेटों के नुकसान पर 323 रनों का स्कोर बनाया था। इसके जवाब में साउथ अफ्रीका ने 301 रन बना लिए थे। हालांकि, अंत में प्रोटियाज को 22 रनों से हार झेलनी पड़ी थी।

5. श्रीलंका

सूची के आखिर में श्रीलंका का नाम है। श्रीलंकाई टीम ने साल 2017 में भारत के खिलाफ 6 विकेट खोकर 322 रन बनाए थे। भारत ने इसके जवाब में 301 रन बनाए थे। हालांकि, जीत के इतने करीब पहुंचने के बावजूद भारतीय टीम जीत नहीं पाई थी।

Created On :   21 Jan 2025 11:42 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story