खेल से सियासत तक का सफर: खेल के मैदान में जलवा बिखेरने के बाद इन खिलाड़ियों ने सियासत में आजमाई अपनी किस्मत, कुछ रहे सफल तो किसी मिली नाकामयाबी

खेल के मैदान में जलवा बिखेरने के बाद इन खिलाड़ियों ने सियासत में आजमाई अपनी किस्मत, कुछ रहे सफल तो किसी मिली नाकामयाबी
  • इन खिलाड़ियों ने आजमाई सियासत में अपनी किस्मत
  • कुछ रहे सफल तो किन्हीं के हाथ लगी नाकामयाबी
  • सचिन तेंदुलकर, गौतम गंभीर, मैरी कॉम जैसे बड़े नाम शामिल

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। खेल के मैदान पर तो सब ने खिलाड़ियों को अक्सर देखा होगा लेकिन कई ऐसे खिलाड़ी भी हैं जिन्होंने खेल से अलग हटकर सियासी गलियारे में अपना किस्मत आजमाई है। शुक्रवार को पेशेवर पहलवान विनेश फोगाट और बजरंग पुनिया ने कांग्रेस का दामन थाम अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत कर दी है। लेकिन भारत के इतिहास में कई ऐसे खिलाड़ी रह चुके हैं जिन्होंने राजनीती में अपना सिक्का आजमाया है। आईए जानते हैं इन खिलाड़ियों के बारे में।

युसूफ पठान

युसूफ पठान भारतीय क्रिकेट टीम के एक अनुभवी खिलाड़ी हैं। पठान अंतरराष्ट्रीय मैचों के साथ-साथ आईपीएल में भी जलवा दिखा चुके हैं। इनके क्रिकेट के डेब्यू की बात करें तो इन्होंने अपने टी-20 इंटरनेशनल का डेब्यू मैच पाकिस्तान के खिलाफ 2007 में खेला था। वहीं वन डे में इन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ 2008 में अपना डेब्यू किया था। दूसरी तरफ इनके राजनीतिक करियर पर नजर डाले तो पठान ने 2024 के भारतीय आम चुनाव में बहरामपुर लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र से तृणमूल कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ा था। चुनाव में इन्होंने भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के मौजूदा अधीर रंजन चौधरी को 85,022 मतों के अंतर से हराकर जीत हासिल की थी।

मोहम्मद अजहरुद्दीन

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान मोहम्मद अजहरुद्दीन ने 31 दिसंबर 1984 को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में इंग्लैंड के खिलाफ अपना टेस्ट डेब्यू किया था। अपनी पहली पारी में उन्होंने 110 रन बनाए थे। 20 जनवरी 1985 को बैंगलोर के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में उन्होंने अपना वनडे डेब्यू किया और नाबाद 47 रन बनाए। अजहरुद्दीन पर साल 2000 में अफ्रीका टूर के दौरान मैच फिक्सिंग के आरोप भी लगे थे। उनके राजनीतिक करियर की ओर चलें तो, वह 19 फरवरी 2009 को भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी में शामिल हुए थे। वह 2009 में उत्तर प्रदेश के मोरादाबाद लोक सभा सीट से सांसद चुने गए थे। इसके बाद उन्होंने 2014 का भारतीय आम चुनाव राजस्थान के टोंक-सवाई माधोपुर से लड़ा लेकिन वहां वह हार गए। 2018 में, उन्हें तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में नियुक्त किया गया था। उन्होंने 2023 के तेलंगाना विधान सभा चुनाव में भारत राष्ट्र समिति के मगंती गोपीनाथ के सामने जुबली हिल्स विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ा, लेकिन उन्हें इस चुनाव में हार का सामना करना पड़ा था।

कीर्ति आजाद

कीर्ति आजाद भारतीय क्रिकेट टीम के आक्रामक दाएं हांथ के पूर्व बल्लेबाज हैं। आजाद बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री भागवत झा आजाद के पुत्र हैं। वह एतिहासिक 1983 विश्व कप विजेता टीम का भी हिस्सा रह चुके हैं। उन्होंने अपने क्रिकेट करियर में 7 टेस्ट मैच और 25 वनडे खेले हैं। वह अपने पिता भागवत झा आजाद का अनुसरण कर राजनीति में आये और भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर दरभंगा से संसद के लिये चुने गये। पूर्व में वह दिल्ली के गोल मार्केट निर्वाचन क्षेत्र से विधायक रहे। उन्होंने 2014 के लोकसभा चुनाव में दरभंगा से जीत दर्ज की। बाद में उन्हें 23 जुलाई 2015 को केन्द्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली के ऊपर दिल्ली के क्रिकेट संस्थान और जिला क्रिकेट संघ में कथित अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के लिये खुले तौर पर निशाना लगाने के कारण भारतीय जनता पार्टी से निलंबित कर दिया गया। फिलहाल वह 2024 लोकसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस की ओर बर्द्वमान दुर्गापुर लोकसभा सीट से सांसद चुने गए।

सचिन तेंदुलकर

क्रिकट इतिहास के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी और गॉड ऑफ क्रिकेट के नाम से मशहूर सचिन तेंदुलकर ने अपने करियर की शुरुआत महज 16 साल की उम्र में कर दी थी। उन्होंने 1989 में अपना पहला टेस्ट और वन डे मैच खेला था। इसके बाद उन्होंने साल 2006 में अपना टी-20 इंटरनेशनल डेब्यू किया। साल 2008 में उन्होंने अपना आईपीएल डेब्यू किया था। सचिन को कई पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है जैसे, देश के सबसे बड़े नागरिक सम्मान भारत रत्न, अर्जुन पुरस्कार, राजीव गांधी खेल रत्न, पद्मश्री, आदी। उनके राजनीतिक करियर की बात करें तो, अप्रैल 2012 में तेंदुलकर को राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल द्वारा भारत की संसद के ऊपरी सदन राज्यसभा के लिए नामित किया गया था। वह यह सम्मान पाने वाले पहले सक्रिय क्रिकेट खिलाड़ी बने थे। उन्होंने 4 जून को पद की शपथ ली थी।

मैरी कॉम

मैरी कॉम एक भारतीय महिला मुक्केबाज हैं। साल 2001 में महिला बॉक्सिंग की दुनिया में कदम रखने वाली मैरी कॉम ने सभी 8 एआईबीए विश्व मुक्केबाजी चैंपियनशिप में पदक हासिल किया है। इसमें 6 स्वर्ण, 1 रजत और 1 कांस्य पदक शामिल है। 2012 समर ओलंपिक में उन्होंने कांस्य पदक जीता। 2010 के ऐशियाई खेलों में कांस्य तथा 2014 के एशियाई खेलों में उन्होंने स्वर्ण पदक हासिल किया था। 25 अप्रैल 2016 को भारत के राष्ट्रपति ने कॉम को राज्य सभा के सदस्य के रूप में नामित किया था। मार्च 2017 में भारत सरकार के युवा मामले और खेल मंत्रालय ने अखिल कुमार के साथ मैरी कॉम को मुक्केबाजी के लिए राष्ट्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया था।

नवजोत सिंह सिद्धू

नवजोत सिंह सिद्धू भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के एक भारतीय राजनीतिज्ञ, टेलीविजन व्यक्तित्व और सेवानिवृत्त अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर हैं। वह पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष भी रह चुके हैं। पूर्व में वह पंजाब राज्य सरकार में पर्यटन और सांस्कृतिक मामलों के मंत्री थे। साल 2004 में सिद्धू भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए और अमृतसर से आम चुनाव लड़ा। उन्होंने चुनाव जीता और 2014 तक इस सीट पर बने रहे और अगले चुनाव में भी उन्होंने जीत हासिल की। उन्हें 2016 में पंजाब से राज्यसभा के लिए नामांकित किया गया था लेकिन उन्होंने पद से इस्तीफा दे दिया और पार्टी छोड़ दी। 2017 में वह भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस में शामिल हो गए और अमृतसर पूर्व से पंजाब विधान सभा के लिए चुने गए। बाद में 2022 के पंजाब विधान सभा चुनाव में अमृतसर पूर्व विधानसभा क्षेत्र से उन्हें हार का सामना करना पड़ा। एक पेशेवर क्रिकेटर के रूप में साल 1981-82 में प्रथम श्रेणी में डेब्यू के बाद सिद्धू का करियर 19 साल से लंबा रहा था। 1983-84 में अपने अंतरराष्ट्रीय डेब्यू के बाद राष्ट्रीय टीम में अपना स्थान खो दिया था। लेकिन उन्होंने साल 1987 विश्व कप में चार अर्धशतक बनाकर वापसी की थी।

गौतम गंभीर

गौतम गंभीर एक पूर्व भारतीय अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेटर, पूर्व पॉलिटिशियन और भारतीय क्रिकेट टीम के वर्तमान हेड कोच हैं। उन्होंने 2003 और 2016 के बीच खेल के सभी फॉर्मेट में भारत के लिए खेला और उन्हें अपनी पीढ़ी के सबसे महान सलामी बल्लेबाजों में से एक माना जाता था। वह 2019 से 2024 तक 17वीं लोकसभा के सदस्य थे। उन्हें 2019 में भारत सरकार से पद्म श्री सम्मानित किया गया था जो भारत का चौथा सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार है। 22 मार्च 2019 को वह केंद्रीय मंत्री अरुण जेटली और रविशंकर प्रसाद की उपस्थिति में भाजपा में शामिल हुए थे। साल 2019 में वह लोकसभा चुनाव में पूर्वी दिल्ली से पार्टी के उम्मीदवार थे। 2 मार्च 2024 को उन्होंने राजनीति और भारतीय जनता पार्टी छोड़ने की घोषणा कर दी थी।

Created On :   6 Sept 2024 5:17 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story