Pahalgam Terror Attack: '2025 के बाद पाकिस्तान का मिट जाएगा नामोनिशान, होंगे चार टुकड़े..' बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे का बड़ा बयान

- पहलगाम टेरर अटैक को लेकर गुस्से में पूरा देश
- निशिकांत दुबे ने किया बड़ा दावा
- 2025 के बाद पाकिस्तान के खात्मे की कही बात
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। पहलगाम हमले को लेकर पूरे देश में आक्रोश है। इस बीच केंद्र की बीजेपी सरकार के सांसद निशिकांत दुबे ने रविवार को बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि साल 2025 के बाद धरती से एक देश के तौर पर पाकिस्तान का नामोनिशान मिट जाएगा।
झारखंड के देवधर में एक शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान मीडिया से बात करते हुए दुबे ने कहा, 'इसी वर्ष पाकिस्तान चार टुकड़ों में बंट जाएगा।' उन्होंने कहा, 'पहलगाम की घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार की धरती से अपने संबोधन में आतंकियों को मिट्टी में मिलाने की जो बात कही है, उसका संदेश दूरगामी है।'
'तो कहना बीजेपी झूठे आश्वासन देती है..'
BJP सांसद ने आगे कहा, 'पाकिस्तान ने कश्मीर का हमारा जो हिस्सा लिया है, उसे तो हम वापस लेंगे ही। इसके अलावा पाकिस्तान से खंडित कर बलूचिस्तान, पख्तूनिस्तान और पंजाब नामक अलग-अलग देश बनेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी यह कर दिखाएंगे। यह बात मैं पूरे दावे के साथ कह रहा हूं। अगर पाकिस्तान इस वर्ष के बाद कई खंडों में नहीं बंटा तो आप यह कहने को स्वतंत्र होंगे कि भाजपा वाले लोगों को झूठे आश्वासन देते हैं।' उन्होंने कहा कि 'पाकिस्तान खत्म हो जाएगा", यही मोदी की गारंटी है। यही विश्वास है, जिसकी बदौलत वह देश के प्रधानमंत्री बने हैं।'
'हर हाल में बदला लेगी मोदी सरकार'
पहलगाम हमले का जिक्र करते हुए दुबे ने कहा, 'पाकिस्तान की सेना ने हिन्दुस्तानियों को, खास तौर पर हिंदुओं को चुन-चुनकर मारा है. मोदी सरकार इस हमले का बदला हर हाल में लेगी।' उन्होंने आगे कहा, 'देश का नेतृत्व आज एक ऐसे प्रधानमंत्री के हाथ में है, जो अपनी क्षमता और ताकत के लिए देश-दुनिया में जाने जाते हैं। उन्होंने बिहार की धरती से स्पष्ट कहा है कि आतंकियों और उनके समर्थकों को मिट्टी में मिला दिया जाएगा। इसी का असर है कि पाकिस्तानी सेना प्रमुख असीम मुनीर का पूरा परिवार विदेश भाग गया है।'
Created On :   27 April 2025 11:33 PM IST