बिहार विधानसभा चुनाव 2025: 'हाथ में लॉलीपॉप थमा दिया...', तेजस्वी यादव को लेकर जीतन राम मांझी ने क्यों कही ये बात? जानें

- बिहार में इस साल होने है विधानसभा चुनाव
- जीतन राम मांझी का तेजस्वी यादव पर तंज
- आरजेडी नेता के सिलेक्शन को बताया लॉलीपॉप
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। बिहार में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। इस क्रम में शुक्रवार को केंद्रीय मंत्री और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) पार्टी के चीफ जीतनराम मांझी ने आरजेडी नेता तेजस्वी यादव पर हमला बोला। उन्होंने ने तेजस्वी यादव के महागठबंधन समन्वय समिति के अध्यक्ष बनाए जाने पर सवाल उठाए। इतना ही नहीं, बल्कि उन्होंने तेजस्वी यादव के चयन को लॉलीपॉप करार दिया। जीतन राम मांझी ने पटना में मीडिया से बातचीत के दौरान दावा किया कि ये गठबंधन स्वार्थ पर टिका है और इसमें में एकजुटता की कमी है।
जीतन राम मांझी ने महागठबंधन की बैठक पर साधा निशाना
इस दौरान जीतन राम मांझी ने कहा कि तेजस्वी को कोआर्डिनेशन कमेटी का अध्यक्ष बनाकर लॉलीपॉप थमा दिया गया है। मुख्यमंत्री चेहरा घोषित नहीं किया गया। महागठबंधन की बैठक में नेता नहीं चुना गया। सत्ता की लड़ाई महागठबंधन में चल रही है और सभी नेता खुद को मुख्यमंत्री पद का चेहरा मान रहे हैं। उन्होंने इसे सत्ता की लड़ाई करार दिया और कहा कि एनडीए में सत्ता के लिए ऐसी कोई लड़ाई नहीं है, बल्कि विकास पर ध्यान दिया जा रहा है।
मांझी ने लोकसभा चुनाव की याद दिलाते हुए कहा कि उस समय भी इंडिया गठबंधन की बैठक में समन्वय समिति की अध्यक्षता के लिए जिस नेता का चयन किया गया था, उन्हें प्रधानमंत्री पद का दावेदार माना जा रहा था, लेकिन वो बने नहीं। तेजस्वी के चयन पर उन्होंने कहा कि महागठबंधन में नेतृत्व को लेकर मतभेद साफ दिख रहे हैं। बिहार की जनता तेजस्वी को गठबंधन के नेता के तौर पर स्वीकार नहीं करेगी।
नीतीश कुमार के नेतृत्व में लड़ेंगे चुनाव - जीतन राम मांझी
जबकि, उन्होंने कहा कि केंद्र में नरेंद्र मोदी और बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में सरकार चल रही है। लगातार विकास कार्य हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी सभी सीटों पर तैयारी कर रही है। हम एनडीए में साथ हैं और साथ बैठकर सीटों का बंटवारा हो जाएगा।
उन्होंने कहा कि हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा एनडीए के साथ मिलकर बिहार विधानसभा चुनाव में सभी सीटों पर मजबूती से लड़ेगी। सीट बंटवारे का फैसला एनडीए के नेता मिलकर करेंगे। मांझी ने स्पष्ट किया कि नीतीश कुमार ही एनडीए के मुख्यमंत्री पद के चेहरा होंगे।
Created On :   18 April 2025 7:33 PM IST