'इंडिया गठबंधन खत्म!': तेजस्वी यादव के बाद कांग्रेस नेता ने भी किया दावा, बोले - 'केवल सिर्फ लोकसभा चुनाव के लिए था'
![तेजस्वी यादव के बाद कांग्रेस नेता ने भी किया दावा, बोले - केवल सिर्फ लोकसभा चुनाव के लिए था तेजस्वी यादव के बाद कांग्रेस नेता ने भी किया दावा, बोले - केवल सिर्फ लोकसभा चुनाव के लिए था](https://www.bhaskarhindi.com/h-upload/2025/01/09/1393099-india.webp)
- इंडिया अलायंस को लेकर कांग्रेस ने का बड़ा दावा
- लोकसभा चुनाव के लिए बना था अलायंस
- तेजस्वी यादव ने भी कही थी गठबंधन टूटने की बात
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव 2024 में बना विपक्षी दलों का गठबंधन 'इंडिया अलायंस' क्या समाप्त हो गया है? लंबे समय से लोगों के मन में यह सवाल कौंध रहा है। इस बीच कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने इसे लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि ये गठबंधन केवल लोकसभा चुनाव तक ही था।
मीडिया द्वारा इंडिया गठबंधन को लेकर पूछे गए सवाल के जावब में पवन खेड़ा ने कहा कि यह गठबंधन केवल लोकसभा चुनाव के लिए और राष्ट्रीय स्तर पर था। अलग-अलग राज्यों की परिस्थिति के हिसाब से जो दल हैं, कांग्रेस हो या क्षेत्रीय दल हों वो निर्णय लेते हैं कि हमें इकट्ठे लड़ना है या अलग-अलग होकर लड़ना है।
'लोकसभा चुनाव तक सीमित था गठबंधन'
बता दें कि इससे पहले आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने भी इस सवाल के जवाब में कहा था कि इंडिया गठबंधन अब खत्म हो चुका है। बक्सर के कार्यकर्ता दर्शन सह संवाद कार्यक्रम में शामिल हुए आरजेडी नेता ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि इंडिया गठबंधन अब खत्म हो चुका है। इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि ये गठबंधन केवल लोकसभा चुनाव तक ही सीमित था और चुनाव खत्म होने के बाद से ये खत्म हो चुका है।
'भंग कर देना चाहिए इंडिया ब्लॉक'
दरअसल, हरियाणा के बाद दिल्ली में भी इंडिया गठबंधन के दो सदस्य दल आप और कांग्रेस एक दूसरे के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं। इस दौरान दोनों दलों के नेताओं के बीच तीखी नोंक-झोंक देखने को मिल रही है, जिस पर जम्मू-कश्मीर के सीएम उमर अब्दुल्ला ने निशाना साधा है। उन्होंने कहा, "यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि इंडिया ब्लॉक की कोई बैठक नहीं हुई है। नेतृत्व कौन करेगा? एजेंडा क्या होगा? गठबंधन कैसे आगे बढ़ेगा? इन मुद्दों पर कोई चर्चा नहीं हुई है। इस बात पर कोई स्पष्टता नहीं है कि हम एकजुट रहेंगे या नहीं।" उन्होंने आगे कहा, "गठबंधन की बैठक दिल्ली चुनाव के बाद होनी चाहिए और उसमें स्पष्टता होनी चाहिए। अगर यह सिर्फ लोकसभा चुनाव के लिए था तो गठबंधन खत्म कर देना चाहिए लेकिन, अगर इसे विधानसभा चुनाव के लिए भी जारी रखना है तो हमें मिलकर काम करना चाहिए।"
Created On :   9 Jan 2025 8:03 PM IST