Wakf Amendment Act: मुर्शिदाबाद प्रदर्शन पर बिहार BJP अध्यक्ष दिलीप जायसवाल की प्रतिक्रिया, सीएम ममता बनर्जी पर साधा जोरदार निशाना

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। वक्फ संशोधन कानून को लेकर देशभर में विरोध प्रदर्शन देखने को मिल रहा है। पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में प्रोटेस्ट के दौरान प्रदर्शन ने हिंसक रूप ले लिया। इसी को लेकर शनिवार (12 अप्रैल) को बिहार भाजपा अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने मुर्शिदाबाद हिंसा पर बयान दिया है। उन्होंने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए कहा कि ममता बनर्जी तुष्टिकरण की राजनीति करती हैं।
सीएम बनर्जी पर जोरदार निशाना
बिहार भाजपा अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने मुर्शिदाबाद हिंसा पर कहा कि राजनीति में कभी भी देशहित को दरकिनार नहीं किया जाता है...ममता बनर्जी तुष्टिकरण की राजनीति इसलिए करती हैं क्योंकि उन्हें अपनी सरकार बचानी है।
ममता बनर्जी ने प्रदर्शन को लेकर क्या कहा?
ममता बनर्जी ने कहा कि हम इस कानून का समर्थन नहीं करते। यह कानून हमारे राज्य में लागू नहीं होगा तो दंगा किस बात का? उन्होंने आगे कहा कि हम दंगे भड़काने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेंगे। हम किसी भी हिंसक गतिविधि का समर्थन नहीं करते हैं।
उन्होंने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ राजनीतिक दल सियासी फायदे के लिए धर्म का दुरुपयोग करने की कोशिश कर रहे हैं। उनके बहकावे में न आएं। मेरे हिसाब से धर्म का मतलब मानवता, सद्भावना, सभ्यता और सद्भाव है। मैं सभी से शांति और सद्भाव बनाए रखने की अपील करती हूं।
हिरासत में लिए गए वारिस पठान
महाराष्ट्र में शुक्रवार (11 अप्रैल) को विरोध प्रदर्शन कर रहे एआईएमआईएम (AIMIM) के राष्ट्रीय प्रवक्ता वारिस पठान को हिरासत में ले लिया गया। पठान ने कहा था कि भायखला मस्जिद के ट्रस्टियों ने हमें मोदी सरकार द्वारा लाए गए काले वक्फ कानून के खिलाफ विरोध प्रदर्शन के लिए बुलाया था। हमारा शांतिपूर्ण विरोध पूरे देश में जारी रहेगा क्योंकि मामला सुप्रीम कोर्ट में है और 16 अप्रैल को सुनवाई होगी। हम चाहते हैं कि जैसे कृषि कानूनों को निरस्त किया गया था, वैसे ही इस कानून को भी वापस लिया जाए।
Created On :   12 April 2025 9:23 PM IST