Delhi Election Exit Poll: 'आप ने दस सालों में केवल झूठ और भ्रष्टाचार दिया..', सतीश उपाध्याय ने दिल्ली में बीजेपी सरकार बनने का किया दावा
![आप ने दस सालों में केवल झूठ और भ्रष्टाचार दिया.., सतीश उपाध्याय ने दिल्ली में बीजेपी सरकार बनने का किया दावा आप ने दस सालों में केवल झूठ और भ्रष्टाचार दिया.., सतीश उपाध्याय ने दिल्ली में बीजेपी सरकार बनने का किया दावा](https://www.bhaskarhindi.com/h-upload/2025/02/05/1400746-capture.webp)
- दिल्ली चुनाव के लिए मतदान हुआ समाप्त
- 70 सीटों पर कुल 57.85% हुआ मतदान
- एग्जिट पोल के परिणामों से बीजेपी हुई गदगद
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली की सभी 70 विधानसभा सीटों पर मतदान पूर्ण हो चुका है। चुनाव आयोग के मुताबिक शाम 6 बजे तक दिल्ली में कुल 57.85% मतदान हुआ है। वोटिंग खत्म होने के बाद 10 एग्जिट पोल सामने आए। जिनमें से 8 में बीजेपी को और केवल दो में आप को बहुमत मिलने का अनुमान जताया गया है। एग्जिट पोल के आंकड़ों पर जहां बीजेपी गदगद है। वहीं, आप ने इसे खारिज कर दिया है, साथ ही दावा किया कि दिल्ली में लगातार तीसरी बार अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में सरकार बनेगी।
'बीजेपी में खिलेगा कमल'
एग्जिट पोल के परिणामों को लेकर भारतीय जनता पार्टी के नेता सतीश उपाध्याय ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा है कि इस बार दिल्ली में भाजपा की सरकार बनने जा रही है, क्योंकि जनता का समर्थन और उत्साह हमारे साथ है। इस बार कमल पूरी दिल्ली में खिलेगा। दिल्ली में सरकार नाम की कोई चीज ही नहीं थी। आप सरकार ने दस सालों में केवल झूठ और भ्रष्टाचार दिया। यमुना नदी साफ नहीं हो पाई, प्रदूषण की समस्या गंभीर बनी रही, और ऐसे बहुत सारे मुद्दे थे, जिनसे लोग परेशान थे। अब दिल्ली की जनता ने तय कर लिया है कि वे भारतीय जनता पार्टी को सत्ता में लाएंगे, ताकि दिल्ली को एक नई दिशा दी जा सके। दिल्ली की जनता पीएम मोदी के साथ चलेगी और प्रदेश में डबल इंजन की सरकार बनेगी।
'ये केजरीवाल के झूठ की हार'
एग्जिट पोल पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि केजरीवाल चुनाव हार गए हैं। ये केजरीवाल की हार नहीं है, ये केजरीवाल के झूठ की हार है। मैं केजरीवाल को सलाह दूंगा कि उन्हें सियासत की जगह सिनेमा में चले जाना चाहिए। वहां आप सारे कलाकारों को मात दे सकते हैं। दिल्ली आज भी बुनियादी सुविधाओं से वंचित है, जिसके जिम्मेदार खुद केजरीवाल हैं। हम दिल्ली विधानसभा चुनाव में बड़ी जीत हासिल कर इतिहास रचने जा रहे हैं।
'जनता ने दिया आप के घोटालों का जवाब'
एग्जिट पोल पर राजस्थान सरकार के कानून मंत्री जोगाराम पटेल ने कहा कि दिल्ली में बीजेपी की जीत की उम्मीद है। हमारा अनुमान है कि हम 50 से ज्यादा सीटें जीतेंगे क्योंकि जनता का रुझान हमारे पक्ष में दिखाई दे रहा है। आप के घोटालों का जवाब जनता ने इस बार अपने वोट की चोट से दिया है। मेरा मानना है कि दिल्ली में कमल खिलने जा रहा है।
Created On :   5 Feb 2025 11:50 PM IST