दिल्ली सियासत: AAP का आरोप- CM कार्यालय से अंबेडकर और भगत सिंह की तस्वीरें हटाई गई, अब बीजेपी नेता वीरेंद्र सचदेवा का आया बयान

- अंबेडकर और भगत सिंह की तस्वीरें हटाई गई- AAP
- अब वीरेंद्र सचदेवा का आया बयान
- अपनी हार को AAP पचा नहीं पा रही है- वीरेंद्र सचदेवा
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के नेताओं ने आरोप लगाया है कि दिल्ली मुख्यमंत्री कार्यालय से बाबासाहेब अंबेडकर और भगत सिंह की तस्वीरें हटाई गई है। जिस पर अब भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा है कि आम आदमी पार्टी असल मुद्दों से भटकाने के लिए ऐसा कर रही है।
अपनी हार को AAP पचा नहीं पा रही है- वीरेंद्र सचदेवा
विपक्ष द्वारा लगाए गए आरोप पर दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा- ये जो राजनीति कर रहे हैं ये राजनीति नहीं ये ओछी हरकतें हैं। अपनी हार को AAP पचा नहीं पा रही है, ना अरविंद केजरीवाल ना उनकी नेता प्रतिपक्ष। झूठ बोलना है, बाबा साहब और भगत सिंह जी की तस्वीर लगी हुई है लेकिन काले कारनामों पर चर्चा ना हो उस पर दिल्ली की जनता का ध्यान ना जाए इसलिए इस प्रकार से ध्यान भटकाने के लिए ये हो रहा है। ये ठीक नहीं है।
आम आदमी पार्टी ने भारतीय जनता पार्टी पर सोमवार (24 फरवरी) को दलित विरोधी और सिख विरोधी होने का आरोप लगाया। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने एक्स अकाउंट पर विधानसभा में सीएम दफ्तर की तस्वीर शेयर की। जिसमें रेखा गुप्ता के पीछे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, महात्मा गांधी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की फोटो देखी जा सकती है। आतिशी का दावा है कि दफ्तर से संविधान निर्माता भीमराव अंबेडकर और शहीद भगत सिंह की तस्वीर हटा दी गई है। वहीं, आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि अंबेडकर के अनुयायियों को इससे ठेस पहुंची है।
आतिशी का दावा
विपक्ष की नेता आतिशी ने दावा किया कि बीजेपी ने अपना असली दलित विरोधी और सिख विरोधी चेहरा दिखा दिया है। दिल्ली विधानसभा के मुख्यमंत्री कार्यालय से बाबासाहेब भीम राव अंबेडकर और शहीद-ए-आजम भगत सिंह की तस्वीरें हटा दी गईं है।
'तस्वीरें फिर लगाएं'
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली की नई बीजेपी सरकार ने बाबा साहेब की फोटो हटाकर प्रधानमंत्री मोदी जी की फोटो लगा दी। यह सही नहीं है। इस से बाबा साहेब के करोड़ो अनुयायियों को ठेस पहुंची है। मेरी बीजेपी से प्रार्थना है। आप प्रधानमंत्री जी की फोटो लगा लीजिए लेकिन बाबा साहिब की फोटो तो मत हटाइए। उनकी फोटो लगी रहने दीजिए।
2022 में केजरीवाल ने दिया था आदेश
आपको बता दें कि, साल 2022 में अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली के सभी सरकारी दफ्तरों में बाबा साहेब अंबेडकर और भगत सिंह की तस्वीरें लगाने का आदेश दिया था। दिल्ली के बाद पंजाब में भी यही किया गया था।
Created On :   24 Feb 2025 11:20 PM IST